एक हफ्ते खुले आसमान के नीचे पड़ा रहा महिला का धड़

झारखंंड के खूंटी के अड़की थाना क्षेत्र के तोड़ांग-बुदआ के बीच एक स्थान पर महिला का धड़ पिछले एक सप्ताह पड़ा हुआ है। इसकी जानकारी गांव के लोगों को दो दिन पहले हुई। इसके बाद इस बाबत बैठकें हुईं।

कुरूंगा गांव के मंगल सिंह मुंडा के अनुसार हत्यारों के डर से गांव के लोग पुलिस को सूचना देने से डर रहे हैं। इस घटना को लेकर ग्रामसभाएं भी हुईं और मामले को दबाने की कोशिश भी की गई, लेकिन मंगल बताते हैं कि ग्रामसभा ने अंतत: निर्णय लिया है कि घटना की जानकारी पुलिस को दे दी जाए। संभावना है कि ग्रामीण शनिवार को पुलिस को इसकी जानकारी दे देंगे।

मंगल सिंह मुंडा ने इससे संबंधित वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर भी अपलोड किया है और घटना की जानकारी दी है। इसके अनुसार महिला नचलदाग गांव के बुधु नाग की पत्नी है।

उसकी हत्या पत्थरों से कूच कर की गई है और सर को धड़ से अलग कर सर को कहीं छुपा दिया गया। मंगल मुंडा के अनुसार दो अप्रैल शुक्रवार गुड फ्राइडे के दिन इस महिला को तोड़ांग गांव के गोला मुंडा के साथ घूमते देखा गया था।

महिला का धड़ सड़ चुका है। घटनास्थल बीरबांकी सीआरपीएफ कैंप से तीन किमी की दूरी पर है। हालांकि पुलिस को इस घटना की सूचना मिल चुकी है और पुलिस इसकी सत्यता जानने की कोशिश में जुट गई है।

मंगल सिंह मुंडा कहते हैं कि कुछ दिनों पहले सिंजुड़ी गांव की महिला लोकोम्बा नाग की हत्या बाबातोपा नामक गांव में कर दी गई थी और उसके शव को भी उसी गांव के किनारे दफना दिया गया था। लेकिन इस मामले में भी पुलिस लोकोम्बा का शव बरामद नहीं कर सकी है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker