सरकार के कार्यों ने की विपक्ष की बोलती बंद: गणेश जोशी

देहरादून। भाजपा कार्यकर्त्‍ताओं ने कोरोनाकाल में जो सेवा कार्य किए, जनता उनसे प्रभावित हुई है। साथ ही प्रदेश सरकार जिस प्रकार जनहित के फैसले और घोषणाएं कर रही है, उससे विपक्षियों की बोलती बंद हो गई है। इस समय विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है।

भाजपा ने जनता का विश्वास जीता है और आगामी चुनाव में यही हमें 60 सीटों पर जीत दिलाएगा। यह बातें काबीना मंत्री गणेश जोशी ने श्रीदेव सुमन नगर मंडल की कार्यसमिति की बैठक में कहीं। उन्होंने कार्यकर्त्‍ताओं से चुनाव तैयारियों में जुटने की अपील की।

भाजपा वीर चंद्र सिंह गढ़वाली मंडल की कार्यसमिति बैठक प्राचीन शिव मंदिर धर्मपुर में आयोजित हुई। जिसमें कार्यकर्त्‍ताओं से चुनावी तैयारियों को लेकर कमर कसने का आह्वान किया गया।

मंडल अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि भाजपा कार्यकर्त्‍ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करने के लिए कार्यसमिति बैठक आयोजित की जाती है। मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र भसीन ने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों व योजनाओं पर प्रकाश डाला।

महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस दौरान रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी।

धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, महानगर महामंत्री सतेंद्र सिंह नेगी, रतन सिंह चौहान, गणेश सिलमाणा, अर्चना बागड़ी आदि ने कार्यकर्त्‍ताओं संबोधित किया।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker