आंकड़ों की माया, हर परिवार को 45 पौधों की छाया

बांदा,संवाददाता। बुंदेलखंड की पथरीली धरती पर पौधरोपण के सरकारी आंकड़े खूब हरे-भरे हैं। धरातल पर कुछ भी हो पर फाइलों में यह हरियाली चहुंओर छाई हुई है। पौधरोपण के आंकड़े तो यही बयां कर रहे हैं। चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट और महोबा में पिछले दो वर्षों में तीन करोड़ 90 लाख 15 हजार 657 पौधरोपण का दावा किया गया है।

चारों जिलों का क्षेत्रफल 14,790 वर्ग किलोमीटर है। यानि औसतन एक वर्ग किलोमीटर में 2638 पेड़ों की हरियाली है। साथ ही एक परिवार पर 45 पौधों का औसत है।

चित्रकूटधाम मंडल के वन विभाग के आंकड़े बताते हैं कि मंडल के चारों जिलों में पिछले साल वर्ष 2020-21 में एक करोड़ 80 लाख 83 हजार पौधे लगाए गए थे। यही लक्ष्य था। इस वर्ष 2021-22 में दो करोड़ नौ लाख 32 हजार 657 पौधरोपण का लक्ष्य है।

चार जुलाई को विशेष पौधरोपण अभियान में 10 लाख से ज्यादा पौधे भी लगाए गए हैं। वन विभाग के आंकड़ों पर अगर यकीन किया जाए तो चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों में सिर्फ दो वर्षों के पौधरोपण में औसतन एक वर्ग किलोमीटर में 2638 पौधे लगाए गए हैं। उधर, आबादी के हिसाब से देखा जाए तो चित्रकूटधाम मंडल में एक व्यक्ति पर आठ पेड़ों का औसत है।

मंडल की कुल आबादी 47 लाख 71 हजार 363 (पिछली जनगणना के अनुसार) है, जबकि बीते दो वर्षों में पौधरोपण तीन करोड़ 90 लाख 15 हजार से भी ज्यादा बताया जा रहा है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker