बिना सक्रिय सदस्यता के सपा में नहीं मिलेगा पद

उरई/जलौन,संवाददाता। संगठनात्मक ढांचे एवं चुनावी प्रक्रिया में बिना सक्रिय सदस्य कोई भी कार्यकर्ता भाग नहीं ले सकता है। यह बात पूर्व एमएलसी एवं सदस्यता अभियान के जिला प्रभारी तिलक चंद्र अहिरवार ने पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में कही।

वह पार्टी सदस्यता अभियान और नौ अगस्त से राष्ट्रध्वज लगाने के अभियान की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नौ से 15 अगस्त तक घर-घर राष्ट्रध्वज लगाने का भी अभियान चलेगा।

इसमें पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, विधानसभा 2022 के प्रत्याशी व विधायकों की जिम्मेदारी में सदस्यता अभियान चलेगा। बूथ स्तर पर एक सक्रिय सदस्य और 50 साधारण सदस्य बनाना आवश्यक है।

एक सक्रिय सदस्य बनने के लिए कार्यकर्ता को एक बुक 20 रुपये प्रति साधारण सदस्य के हिसाब से 50 रसीदें काटकर एक हजार का सक्रिय सदस्य बन सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के निर्देशानुसार एक विधानसभा में 400 सक्रिय सदस्य बनाना है।

जो कार्यकर्ता पार्टी से चुनाव लड़ना चाहता है या पदाधिकारी बन रहा है उसकी सक्रिय सदस्यता अनिवार्य है। निवर्तमान जिलाध्यक्ष नवाब सिंह यादव ने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए सदस्यता अभियान को सफल बनाने का आश्वासन दिया।

इस दौरान पूर्व विधायक दयाशंकर, नारायणदास अहिरवार, आनंद यादव, अजहर बेग, सुरेंद्र, जैनुलाबदीन, राघवेंद्र सिंह, अशोक राठौर, महेश विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker