जालौन में उफनाई यमुना का पानी 24 गांवों में घुसा

प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

, रई/जलौन,संवाददाता। जालौन के माधौगढ़ में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश व कोटा बैराज से छोड़े गए पानी से यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वही सिंध, पहुज, क्वारी नदी से आ रहे पानी ने यमुना नदी में पानी का ठहराव हो गया है। इस कारण एक बार फिर से निचले क्षेत्र के 24 गांवों के रास्तों में पानी भर गया है।

एसडीएम सालिकराम, तहसीलदार प्रेमनारायण प्रजापति ने मौका मुआयना किया। तहसील प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए निचले क्षेत्रों में रह रहे लोगों को घर छोड़ देने के निर्देश दिए हैं। 6 नावों के साथ साथ 12 लेखपालों को तैनात कर दिया गया है। कोटा बैराज से छोड़े गए पानी से यमुना नदी उफान पर है।

वही सिंध, क्वारी, पहुज, नदी का पानी यमुना में गिरने से यमुना का पानी में ठहराव सा हो गया है। जिससे निनावली, सिदधपुरा, कदमपुरा, नरौल, बैरा, डिकौली, भैलावली, मिर्जापुर, चांदनपुरा सहित दो दर्जन गांवों के लोगों को बाढ़ की आशंका के चलते धड़कने तेज हो गई है।

तहसीलदार प्रेमनारायण प्रजापति का कहना है कि यमुना का पानी एक घंटे में 6 इंच बढ़ रहा है। जिससे जगम्मनपुर से कंजौसा, जगम्मनपुर से पतराही, बैरा के के रास्तों में पानी भर गया है। जिससे आवागमन बंद हो गया है। इसी तरह पानी में बढ़ोत्तरी होती गई समस्या भयावह हो सकती है।

आने जाने के लिए 6 नावों की व्यवस्था के साथ साथ एक दर्जन लेखपालों की तैनाती की गई है। विकासखंड रामपुरा अंतर्गत ग्राम जगम्मनपुर में ग्रामीणों के कच्चे एवं पक्के मकान लगातार वर्षा के कारण धराशाई हो रहे हैं। ग्राम प्रधान प्रत्येक पीड़ित के घर जाकर नुकसान का जायजा ले रहे हैं और संभव मदद का आश्वासन दे रहे हैं।

बता दें कि इस बार लगातार हो रही बारिश के कारण कई गरीब ग्रामीणों के आशियाने उजड़ गए। अनेक लोग खुले मैदान में प्लास्टिक या तिरपाल लगाकर अथवा टीन शेड में रहने को मजबूर हैं। ग्राम प्रधान प्रज्ञादीप गौतम ने बुधवार को जगम्मनपुर गांव में बारिश से गिर हुए घरों को देखा व पीड़ितों को मदद का भरोसा दिलाया।

रोजगार सेवक बृजेश कुमार को निर्देशित किया कि सभी पीड़ितों की सूची बनाकर उनके फोटो समेत प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया जाए ताकि उन्हें आर्थिक मदद मिल सके।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker