वैक्सीनेशन में मंडल में पुरुषों से पीछे महिलाएं

बांदा,संवाददाता। कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण पर शासन-प्रशासन का ज्यादा फोकस है। खासकर वैक्सीनेशन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए तमाम कवायदें की जा रही हैं। पिंक बूथ भी चालू किए गए। इसके बाद भी आधी आबादी टीकाकरण में पुरुषों से काफी पीछे है।

चित्रकूटधाम मंडल में चल रहे टीकाकरण में अब तक मात्र 36 फीसदी महिलाओं ने वैक्सीन लगवाई। इनमें भी अधिकांश 45 से अधिक उम्र की महिलाओं की संख्या है। चारों जिलों बांदा, चित्रकूट, महोबा और हमीरपुर में 172 बूथों में टीकाकरण का दावा किया जा रहा है।

कोरोना से बचाव के लिए फरवरी माह में वैक्सीनेशन अभियान शुरू हुआ था। वैक्सीनेशन के लिए जोरशोर से चलाए जा रहे अभियानों में आधी आबादी खास दिलचस्पी नहीं दिखा रही हैं।

नतीजे में चारों जिलों में अब तक चार लाख 49 हजार 318 लोगों को लगी वैक्सीन में महिलाओं की संख्या लगभग एक लाख 64 हजार है। यह मात्र 36 फीसदी है। 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग में करीब 11 हजार महिलाओं ने टीका लगवाया है।

चित्रकूटधाम मंडल में अब तक 4,49,318 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। इनमें 3,77,038 लोगों को टीके की पहली डोज लगी है। इनमें 18 प्लस वर्ग के 42,499 युवक-युवतियां भी शामिल हैं, जबकि दूसरी डोज अब तक करीब 72,280 लोगों को लगी है।

चारों जिलों में अब तक कुल 2,85,318 पुरुषों और 1,64,000 महिलाओं ने टीका लगवाया है। खास बात यह है कि टीका लगवाने वाली महिलाओं में सबसे ज्यादा संख्या 45 प्लस वर्ग की है।

पहली जून से 18 से 44 उम्र तक के लोगों का टीकाकरण अभियान शुरू किया गया, लेकिन इसमें भी अब तक हुए टीकाकरण में महिलाएं पुरुषों से पीछे चल रही हैं। इसका खुलासा स्वास्थ्य विभाग से मिले वैक्सीनेशन के आंकड़ों से हुआ है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker