बेकाबू वाहन की टक्कर से बाइक चालक की मौत

बांदा,संवाददाता। अज्ञात बेकाबू वाहन की टक्कर से रविवार की रात बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई। वह भतीजे के जन्मदिन निमंत्रण से घर लौट रहा था। तीन साल पहले शादी हुई थी। पति की मौत से पत्नी और बेटा गंवाने से माता-पिता बेसुध हैं।

मृतक हेलमेट नहीं लगाए था। बिसंडा थाना क्षेत्र के बाघा गांव निवासी द्वारिका प्रसाद कुशवाहा का पुत्र प्रेमबाबू (30) रविवार की रात बाइक पर अकेले नरैनी से घर लौट रहा था। पड़मई गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।

वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां उसकी मौत हो गई। उसकी शिनाख्त के लिए पुलिस ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया।

बाइक की डिजिटल नंबर प्लेट के जरिए मृतक प्रेमबाबू का पता खोजा और रात को ही पीआरवी जवानों ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हेलमेट न लगाने से सिर और चेहरे पर गहरे जख्म थे।

प्रेमबाबू के भाई राजेश कुशवाहा ने बताया कि प्रेमबाबू नरैनी स्थित अपनी ससुराल साले के बेटे के जन्मदिन निमंत्रण में गया था। वापस आते समय हादसा हो गया। वह मजदूरी करके परिवार पाल रहा था। तीन साल पहले ही उसकी कामना के साथ शादी हुई थी।

एक डेढ़ वर्षीय और एक छह माह का बच्चा है। घर खर्च में पिता का हाथ बंटाता था।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker