बिदोखर में 15 दिन तक चलता है होली का त्यौहार

सुमेरपुर हमीरपुर। मथुरा वृंदावन की तरह क्षेत्र के दो पंचायतों की संयुक्त गांव बिदोखर में 15 दिन तक होली पर्व मनाने की परंपरा सदियों से विद्यमान है।

जिसका आज भी ग्रामीण पूरे मनोयोग से निर्वहन करते हुए रंग भंग से सराबोर रहते हैं।
मथुरा वृंदावन नंदगांव बरसाना में होली पर्व की 15 दिन तक धूम रहती है।

यह तो वहां की बात है लेकिन यहां के दो पंचायतों के संयुक्त ग्राम बिदोखर की होली ब्रज की होली से कमतर नहीं है। यहां पर होली जलने के साथ शुरू होने वाला पर्व आगामी 15 दिन बाद जाकर समाप्त होता है।

प्रतिदिन फाग गायन के साथ रंग अबीर खेला जाता है। इसमें आसपास के गांवों के लोग भी शरीक होते हैं। बिदोखर पुरई के निवासी लोक गायक अमर सिंह, शिवनाथ सविता, डा.मान सिंह, बिदोखर मेदनी के निवासी धनीराम पाल, रामकिशोर पाल आदि ने बताया कि पूर्णिमा को होलिका दहन के समय फाग गायन शुरू होता है।

इसके बाद प्रतिपदा को यहां पर कीचड़ की होली खेली जाती है। द्वितीया को दूज पूजन के उपरांत दोनों पंचायतों की संयुक्त फाग निकलती है।

जिसमें दो दर्जन फाग गायक मंडली शामिल होकर दोनों गांवों में भ्रमण करके देर रात तक फाग गायन करती है। इस फाग को देखने के लिए आसपास के गांव इंगोहटा, पलरा, मवईजार, बंडा, पाटनपुर, रोहारी, नदेहरा आदि गांवों के सैकड़ों लोग प्रतिवर्ष आते हैं।

उन्होंने बताया कि दूज को फाग निकलने के उपरांत आने वाली अमावस्या तक दोनों पंचायतों के देवस्थलों की फाग होती है। अलग-अलग दिन एवं तिथियों में होने वाली इन फागों मे दोनों पंचायतों के लोग उत्साह के साथ शरीक होते हैं।

फाग गायन के साथ प्रतिदिन रंग अबीर गुलाल भी जमकर उडता है। साथ ही रंग के साथ भंग का भी दौर चलता है। इस तरह से इस गांव में 15 दिन तक जमकर धमाल मचा रहता है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker