प्रत्येक बूथ पर मजबूत यूथ से बनेगी सपा सरकार: प्रेम वाल्मीकि

कार्यकर्ताओं को क्रियाशील होकर करना होगा जनसंपर्क: आशीष अहारिया
लोहिया वाहिनी की समीक्षा बैठक संपन्न

ललितपुर। समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर प्रत्येक बूथ पर यूथ को मजबूत करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव 2022 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प दोहराया गया।

लोहिया वाहिनी की समीक्षा बैठक करने ललितपुर पहुंचे प्रदेश सचिव/जनपद प्रभारी प्रेम वाल्मीकि ने कार्यकर्ताओं में जोश व ऊर्जा का संचार किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा कार्यकर्ता को क्रियाशील होकर जन-जन तक पहुंच कर पार्टी की नीतियां व राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की विचारधारा से लोगों को जोड़ना होगा।


युवाओं को संबोधित करते हुए लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव/जनपद प्रभारी प्रेम वाल्मीकि ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने सत्ता में रहते हुए युवाओं को बेहतर शिक्षा ग्रहण करने के लिए निःशुल्क लैपटॉप वितरण, बेरोजगार युवाओं को भत्ता, बालिकाओं को कन्या विद्याधन जैसी योजनाओं का संचालन किया था।

लेकिन वर्तमान सरकार युवाओं का उत्पीड़न कर रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता परिवर्तन होने के बाद से अब तक युवाओं को रोजगार तो उपलब्ध नहीं हुये, बल्कि शिक्षित युवाओं को शासकीय सेवाओं में आवेदन के लिए जमा की जाने वाली फीस में बढ़ोत्तरी कर दी।

उन्होंने बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था और किसानों की बद से बदत्तर होती स्थिति पर भी चिन्ता जताई। लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष आशीष अहारिया ने कहा कि जनपद के प्रत्येक युवा को क्रियाशील करते हुये प्रत्येक बूथ को मजबूत करने का काम किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए युवाओं को एकजुट होने की आवश्यकता है। बैठक उपरान्त प्रदेश सचिव ने हरी झण्डी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया।

यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकाली गयी। इस दौरान जिलाध्यक्ष आशीष अहारिया, शक्ति बाल्मीकि, राहुल माल्या, नरेंद्र राजपूत, जीतेन्द्र यादव, माखन कुशवाहा, अखलाख मंसूरी, पुष्पेंद्र यादव, नीलू रजक, शरीफ जावेद, शैलेन्द्र यादव, जावेद खान, सौरभ सकरा, राजीव निरंजन, जीतेन्द्र यादव, आश्वेन्द्र यादव, शिवचरण रैकवार, अरविन्द अन्डेला, देशराज कुशवाहा, दीपू आजान, भज्जू पांचोरा सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker