हमीरपुर: वेदों में बताए मार्गो पर चलने से होती है परमानंद की प्राप्ति

भरुआ सुमेरपुर। क्षेत्र के ग्राम सुरौली बुजुर्ग में संपन्न हुए तीन दिवसीय आर्य समाज के वेद प्रचार कार्यक्रम में वेदों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया. सहारनपुर से आए आर्य समाज के प्रकांड विद्वान शिवकुमार शास्त्री ने कहा कि वेदों के बताए मार्गो पर चलने से परमानंद की प्राप्ति होती है. ईश्वर ने मनुष्य मात्र के कल्याण के लिए वेदों का ज्ञान दिया है.

उन्होंने कहा कि जहां वेद नहीं होते वहां वेदना होती है. इसलिए दुखों से बचने के लिए वेदों के रास्तों पर चलना चाहिए. दिल्ली से पधारे मुकेश शास्त्री ने भजनों के माध्यम से भक्ति का सुंदर चित्रण किया. आचार्य प्रदीप शास्त्री ने राष्ट्रभक्ति गीतों से राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा दी. सुनीता आर्या ने भजनों के माध्यम से जीवन के सार को समझाया.

कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक ब्रजकिशोर यादव ने किया. कार्यक्रम में नीतिराज सिंह यादव, भगत सिंह, रामसेवक, वीरेन्द्र, गीता देवी, नीता देवी, राजकिशोरी, लक्ष्मी देवी, सहदेव सिंह यादव आदि मौजूद रहे. यज्ञ में देश एवं क्षेत्र के कल्याण की कामना के साथ यज्ञ संपन्न कराया गया.

इसके बाद आर्य समाज की कार्यकारिणी का गठन किया गया. जिसमें ओंकार सिंह को प्रधान, ब्रज गोपाल गुप्ता को उप प्रधान, वीरेंद्र प्रताप सिंह को मंत्री, अपराजित सिंह को उप मंत्री, शिवबरन सिंह को कोषाध्यक्ष, नीतिराज सिंह को प्रचार मंत्री चुना गया.

यज्ञ व्यवस्थापिका के लिए सुनीता आर्या का चयन किया गया. संरक्षक की जिम्मेदारी बृजकिशोर यादव एवं सहदेव सिंह कोटेदार को दी गई. इसी के साथ इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन हो गया।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker