बाबा हरदेव सिंह ने मानवता से युक्त होकर जीवन जीना सिखाया
हमीरपुर। आज संत निरंकारी सत्संग भवन हमीरपुर में बाबा हरदेव सिंह की स्मृति में समर्पण दिवस समागम मनाया गया। युगदृष्टा बाबा हरदेव सिंह का दिव्य, सर्वप्रिय स्वभाव व उनकी विशाल अलौकिक सोच, मानव कल्याण को समर्पित थी। वर्तमान समय में जहां हर ओर वैर, ईष्र्या, द्वेष, का वातावरण व्याप्त है, प्रत्येक मानव दूसरे मानव का केवल अहित ही करने में लगा हुआ है ।
ऐसे समय में बाबा हरदेव सिंह जी के प्रेरक संदेश कि ‘कुछ भी बनो मुबारक है पर पहिले तुम इंसान बनो, दीवार रहित संसार, एक को जानो एक को मानो एक हो जाओ’ आदि को जीवन में अपनाने की नितांत आवश्यकता है। तभी सही मायनों में विश्व में अमन और शांति का वातावरण स्थापित हो सकता है।
इसी दृष्टिकोण को सकारात्मक रूप देते हुए वर्तमान सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एक नई ऊर्जा एवं तन्मयता के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। संत निरंकारी मंडल के जिला संयोजक क्रांति कुमार निरंकारी ने बताया कि बाबा हरदेव सिंह जी ने 36 वर्षों तक सत्गुरु रूप में निरंकारी मिशन की बागडोर संभाली।
उन्होंने आध्यात्मिक जागृति के साथ-साथ समाज कल्याण के लिए भी अनेक कार्यों को रूपरेखा प्रदान की, जिनमें मुख्यतरू रक्तदान, ब्लड बैंक का गठन, नेत्र जांच शिविर, वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान आदि के आयोजन का बहुमूल्य योगदान रहा। एक आदर्श समाज की स्थापना हेतु महिला सशक्तिकरण एवं युवाओं की ऊर्जा को नया आयाम देने के लिए बाबा जी ने नई परियोजनाओं को आशीर्वाद दिया।
इसके अतिरिक्त प्राकृतिक आपदाओं के समय में भी उनके निर्देशन में मिशन द्वारा निरंतर सेवा निभाई गई। बाबा जी ने मानवता का दिव्य स्वरूप बनाने हेतु निरंकारी संत समागमों की अविरल श्रंखला को निरंतर आगे बढ़ाया। जिसमें उन्होंने सभी को ज्ञानरूपी धागे में पिरोकर प्रेम एवं नम्रता जैसे दिव्य गुणों से परिपूर्ण किया। ‘
इंसानियत ही मेरा धर्म है। इस कथन को चरितार्थ करते हुए संत निरंकारी मिशन की शिक्षा को छोटे-छोटे कस्बों से लेकर दूर देशों तक बाबा जी ने विस्तृत किया। उन्होंने सदैव यही समझाया की भक्ति की धारा जीवन में निरंतर बहती रहनी चाहिए। बाबा हरदेव जी को, मानव मात्र की सेवाओं में अपना उत्कृष्ट योगदान देने के लिए देश-विदेश में सम्मानित भी किया गया।
उन्हें 27 यूरोपीय देशों की पार्लियामेंट ने विशेष तौर पर सम्मानित किया और मिशन को संयुक्त राष्ट्र (यू.एन.) का मुख्य सलाहकार भी बनाया गया। साथ ही विश्व में शांति स्थापित करने हेतु अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मानित किया गया। मानव कल्याण के प्रति समर्पित सतगुरु बाबा हरदेव सिंह जी, जीवनपर्यंत एक आध्यात्मिक मार्गदर्शक के रुप में मानवता को सत्य मार्ग दर्शाते रहे।
इस दृष्टिकोण को सकारात्मक रूप देते हुए वर्तमान सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज एक नई ऊर्जा एवं तन्मयता के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। इस समर्पण दिवस समागम पर हमीरपुर नगर के साथ साथ सुमेरपुर, ककरऊ, हमिरामऊ, कलौलीतीर एवं अन्य स्थानों से आए श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे।