अफगानिस्तान से खुद निकलें भारतीय: विदेश मंत्रालय

अफगानिस्तान में बिगड़ते हालत के बीच भारत अपने नागरिकों को वहां से निकल जाने की सलाह दे चुका है। विदेश मंत्रालय की ओर से गुरुवार को बताया गया कि नागरिकों को कमर्शल साधनों से से खुद निकलने को कहा गया है। सरकार की ओर से निकासी की कोई औपचारिक व्यवस्था नहीं की गई है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ”हम घटनाक्रम पर करीब से नजर बनाए हुए हैं। हम सुरक्षा के बिगड़ते हालात को लेकर चिंतित हैं। काबुल में हमारे मिशन ने भारतीय नागरिकों के लिए अडवाइजरी जारी की है, जिसमें उन्हें कमर्शल फ्लाइट्स से भारत लौटने की सलाह दी गई है।”

उन्होंने कहा कि मजार-ए-शरीफ के कांसुलेट से सभी भारतीय अधिकारियों को बुला लिया गया है। हालांकि, यह अस्थायी व्यवस्था है और स्थानीय स्टाफ के जरिए कांसुलेट काम करता रहेगा।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, ”यह चिंता की बात है। तेजी से हालात बदल रहे हैं। हम आशा करते हैं कि तत्काल और व्यापक युद्धविराम होगा। हम अफगानिस्तान में शांति के लिए की जा रही पहलों का समर्थन करते हैं। प्राथमिक चिंता देश में शांति और स्थिरता है।”

Back to top button