14 साल बाद खुला सम्राट ऑगस्टस का मकबरा

रोम के पहले सम्राट ऑगस्टस का करीब 2,000 साल पहले बनाया गया मकबरा, आखिरकार 14 साल बाद आम जनता के लिए फिर से खोल दिया गया। इसे दुरुस्त करने में 12.25 मिलियन डॉलर कर रकम खर्च की गई है।
गौरतलब है कि यह मकबरा, दुनिया का सबसे बड़ा गोलाकार अंतिम स्मारक है। गोलाकार संरचना 295 फीट व्यास की है और 137 फीट ऊंची खड़ी है और कहा जाता है कि यह मिस्त्र के एलेक्जेंडरिया में स्थित सिकंदर महान के मकबरे से प्रेरित थी।
रोम के पहले सम्राट ऑगस्टस ने कुल 40 वर्षों तक साम्राज्य पर शासन किया था। उसी समयकाल में शहर के बीचोंबीच इस विशाल मकबरे का निर्माण किया गया था। इसकी जीर्ण-शीर्ण हालत के कारण इसे 14 साल पहले बंद कर दिया गया था और पिछले पांच वर्षों से इसे दुरुस्त करने का काम चल रहा था। और अब इसे फिर से पुराने रूप में तैयार कर दिया गया था।
जानकारी के मुताबिक, कोरोना महामारी के प्रकोप को देखते हुए फिलहाल केवल दस लोगों को एक बार में मकबरे में प्रवेश करने की अनुमति होगी। इसके साथ ही उन्हें चेहरे पर मास्क लगाना अनिवार्य होगा।