PHOTO : आज देश को ‘श्रीमहाकाल लोक’ समर्पित करेंगे PM मोदी, जाने इसका इतिहास

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में 12 ज्योतिर्लिंग में से एक, दक्षिणमुखी महाकाल मंदिर को लेकर अगस्त 2019 में कांग्रेस सरकार ने महाकाल मंदिर विस्तार योजना की परिकल्पना की थी। इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पहले फ़ेज़ के लिए 300 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे और एक 3 सदस्य समिति भी बनाई थी लेकिन कांग्रेस सरकार गिर जाने के बाद इसे भाजपा सरकार ने आगे बढ़ाया। महाकाल मंदिर विस्तारीकरण योजना के नाम से कार्य को शुरू किया गया। इसके लिए आसपास की रहवासी दुकानों को खाली कराया गया और इसका विस्तारीकरण शुरू किया गया।

श्रीमहाकाल लोक योजना
महाकाल लोक योजना 856 करोड़ रुपये के करीब की योजना है। यह दो फेज में डिवेलप हो रही है। इसके पहले फेज में 2.8 हेक्टेयर में महाकाल मंदिर का एरिया था लेकिन महाकाल लोक पूरा होने के बाद 47 हेक्टेयर का हो जाएगा। 946 मीटर लंबे कॉरिडोर पर चलते हुए श्राद्धालु महाकाल मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचेंगे। कॉरिडोर पर चलते हुए उन्हें बाबा महाकाल के अद्भुत रूपों के दर्शन तो होंगे ही, साथ ही शिव महिमा और शिव-पार्वती विवाह की भी गाथा देखने ओर सुनने को भी मिलेगी। इस लोक में शिव गाथा से जुड़ी 208 मूर्तियां और 108 स्तंभ हैं, जिसमें शिव परिवार और शिव विवाह से जुड़ी कई कहानियां समर्पित हैं।

महाकाल लोक धार्मिक कॉरिडोर
महाकाल कॉरिडोर देश का पहला ऐसा धार्मिक कैंपस है, जो पौराणिक सरोवर रुद्रसागर के किनारे डेवलप हो रहा है। शिव, शक्ति और दूसरे धार्मिक किस्सों से जुड़ी करीब 200 मूर्तियां और म्यूरल्स (भित्त चित्र) के जरिए इसे सजाया गया है। श्रद्धालु शिव की अनसुनी कथाएं इनसे जानेंगे। सप्त ऋषि, नवग्रह मंडल, त्रिपुरासुर वध, कमल ताल में विराजित शिव, 108 स्तम्भों में शिव के आनंद तांडव का अंकन, शिव स्तम्भ, भव्य प्रवेश द्वार पर विराजित नंदी की विशाल प्रतिमाएं हैं। यहां देश का पहला नाइट गार्डन भी बनाया गया है।

सिंहस्थ 2028 को लेकर प्लान
महाकाल लोक सिंहस्थ को ध्यान में रखकर प्लान किया गया है। सिंहस्थ के दौरान इंदौर, रतलाम, देवास, मक्सी जैसे किसी भी शहर से उज्जैन आने पर सिंहस्थ मेले के डेढ़ किमी नजदीक गाड़ियां पार्क हो सकेंगी। लोगों को मेला क्षेत्र में पहुंचने के लिए ज्यादा पैदल नही चलना पड़ेगा। इसके आसपास डेढ़ किमी क्षेत्र में भी तिरुपति की तरह बैटरी वाली सरकारी गाड़ियां चलेंगी। 30 सितंबर 2023 तक महाकाल आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 2500 गाड़ियों की पार्किंग तैयार हो जाएगी। वहीं सिंहस्थ को लेकर 7 हजार गाड़ियों की स्थाई पार्किंग व्यवस्था नदी के किनारे ही बनाई जा रही है। इसके लिए क्षिप्रा किनारे कॉरिडोर बनाने की योजना पर काम शुरू हो गया है।

त्योहारों के अनुरूप रहेगी व्यवस्था
महाकाल लोक 12 अक्टूबर से महाकाल मंदिर दर्शन व्यवस्था में देश का सबसे सुव्यवस्थित मंदिर हो जाएगा। श्रद्धालु 20 मिनट में महाकाल दर्शन कर सकेंगे। 30 हज़ार श्रद्धालु एक साथ महाकाल लोक में जा सकेंगे। व्यवस्था ऐसी रहेगी कि 1 दिन में 7 लाख श्रद्धालु भी आ जाएं तो किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। शिवरात्रि, नागपंचमी और सिंहस्थ जैसे आयोजनों के लिए दर्शन की ऐसी बेहतर व्यवस्था बनाई जा रही है, जो देश के किसी मंदिर में नहीं है। यह दर्शन व्यवस्था अगले 50 साल को ध्यान में रखकर बनाई गई है। उद्घाटन के बाद श्रद्धालुओं को सबसे बड़ी सुविधा बिना भीड़ के सुविधाजनक और कम समय में दर्शन की मिलेगी। रात में सोने की तरह दमकने वाले कॉरिडोर में सुंदरता अपने चरम पर होगी। आम श्रद्धालुओं को किसी भी त्योहार पर परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। इस दौरान ना तो महाकाल पहुंचने वाले वाहनों को शहर से दूर रोका जाएगा और न ही कई किमी पैदल चलना होगा। 

फूलों से महका महाकाल दरबार
महाकाल का दरबार देशी-विदेशी फूलों की सुगंध से महक उठा है। गर्भगृह और नंदी हाल के साथ ही महाकाल परिसर के सभी छोटे-बड़े मंदिर रंग-बिरंगी रोशनी से नहाए हुए हैं। महाकाल मंदिर के दरबार में स्थित सभी छोटे-बड़े मंदिरों और कोटितीर्थ कुंड के आस-पास भी पुष्प सज्जा की गई है। इसमें देसी गुलाब, गेंदा, सुगंधित पुष्प इसके अलावा विशेष किस्म के डच गुलाब, जरबेरा, लिली, रजनीगंधा, एंथोरियम के फूल शामिल हैं। विशेष किस्म के पुष्प पुणे व बेंगलुरु से मंगाए गए हैं। जानकारी मंदिर समिति से जुड़े अधिकारियों ने बताया।

आज की ट्रैफिक व्यवस्था
श्रीमहाकाल लोक का लोकार्पण 11 अक्टूबर को होगा। मंगलवार को 3:00 बजे के बाद देवास-इंदौर रोड बंद रहेंगे। सभा स्थल पर पहुंचने वाले लोगों को अपने आमंत्रण पत्र और पास दिखाकर 5:00 बजे के पहले पहुंचना होगा। पार्किंग व्यवस्था उज्जैन के रणजीत हनुमान साडू माता की बावड़ी ग्राम कौन सा पिपली नाका वरुण बक्सर तक रहेगी। वहीं जिला धार व रतलाम से आने वाले लोग भूखी माता टर्निंग से मंदिर तक पार्किंग कर सकेंगे।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker