बेटे के सामने पति को कुल्हाड़ी से काट डाला

उरई/जालौन,संवाददाता। जालौन के उरई में एक महिला ने रविवार की देर शाम अपने पति की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। इसके बाद महिला अपने 7 साल के बेटे को लेकर कोतवाली में सरेंडर करने पहुंची। पुलिसवालों से उसने पति की हत्या करने की जानकारी दी। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक पत्नी संध्या ने अपने पति संदीप को अपने 7 साल के बेटे के सामने कुल्हाड़ी से काटा है। बेटे नैतिक ने बताया, रात में पापा शराब पीकर आए थे। मां से मारपीट और गाली गलौज किया था। इसके बाद सो गए थे। मां एक कोने में बैठी रो रही थीं।

करीब 9 बज रहे थे। मां अचानक से उठी और कुल्हाड़ी उठाई। इसके बाद एक वार सिर पर किया तो पापा चिल्लाए, दूसरे वार में ही उनकी जान निकल गई। उसके बाद वह कुल्हाड़ी फेंक कर मेरा हाथ पकड़ थाने पहुंच गई। जहां पुलिस वाले ने उसे जेल में डाल दिया।

उरई कोतवाली के झांसी रोड स्थित उमरार खेड़ा गांव में संध्या की शादी संदीप से लगभग आठ साल पहले हुई थी। सबकुछ ठीक चल रहा था। शादी के एक साल बाद ही एक बेटा दोनों को हुआ। इसके बाद संदीप ने और मेहनत मजदूरी शुरू कर दी।

वह अपने बच्चे को कुछ बनते हुए देखना चाहता था। बीच में एक बेटी भी पैदा हुई। उसकी उम्र तीन साल है। बेटी पैदा होने के बाद से ही परिवार में विवाद होने लगा। संदीप घर पर शराब पीकर आने लगा। शराब पीता तो संध्या को मारता पीटता भी था। उसे मारने पीटने के रोज के बहाने अलग अलग हुआ करते थे।

संध्या अपने बच्चों को गलत माहौल में नहीं पालना चाहती थी। इसलिए वह अपने बेटे हार्दिक और बेटी को लेकर मायके चली गई। इधर संदीप की हालत में कोई सुधार न हुआ। बीच बीच में वह अपनी पत्नी के पास जाकर उसे मनाने की कोशिश करता, लेकिन उसके सामने संध्या शराब छोड़ने की ही शर्त रखती।

ऐसे करते करते करीब तीन साल बीत गए थे। बीते कुछ दिन पहले पति संदीप अपनी पत्नी संध्या से अपने बेटे हार्दिक को अपने साथ जबरदस्ती ले आया था। जिससे संध्या बेचैन रहने लगी थी। परिजनों के मुताबिक, संध्या करीब एक महीने पहले ही सुसराल लौटी थी।

दरअसल, बेटे के बारे वह चिंतित थी। संदीप ने उससे सुधरने की बात भी कही थी। इसके बाद संध्या करीब एक महीने बाद अपनी बेटी के साथ ससुराल चली आई। यहां आने के बाद भी हालत में कोई सुधार न देख कर उसने पति की हत्या का फैसला ले लिया।

इस हत्या के मामले में उरई कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार राठौर का कहना है कि महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। आए दिन शराब पीने को लेकर पति पत्नी के बीच झगड़ा होता था। इस झगड़े से तंग आकर महिला ने कुल्हाड़ी से काटकर पति की हत्या कर दी फिलहाल आगे की कार्यवाही की जा रही है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker