मध्य प्रदेश निकाय चुनाव: कांग्रेस ने टिकट बंटवारे में जातिगत समीकरणों का रखा खास ख्याल

दिल्लीः मध्य प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने गुरुवार को 16 में से 15 नगर निगमों के महापौर पद के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। अब सिर्फ रतलाम के लिए प्रत्याशी की घोषणा बाकी है। इन प्रत्याशियों में पूर्व विधायक की पत्नी से लेकर महिला कांग्रेस की पदाधिकारी तक शामिल हैं। कांग्रेस ने टिकट बंटवारे में जातिगत समीकरणों का भी खास ख्याल रखा है। प्रदेश कांग्रेस की ओर से मुहैया करायी गयी जानकारी के अनुसार भोपाल से पूर्व महापौर विभा पटेल को प्रत्याशी घोषित किया गया है। वह प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भी हैं।

इसके अलावा इंदौर से संजय शुक्ला, ग्वालियर में श्रीमती शोभा सिकरवार और जबलपुर से जगत बहादुर सिंह को कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतारने का तय किया गया है। सागर से पूर्व विधायक सुनील जैन की पत्नी निधि जैन, मुरैना में शारदा सोलंकी, कटनी से नेहा खंडेलवाल, सिंगरौली से अरविंद सिंह चंदेल, बुरहानपुर से शहनाज अंसारी, छिंदवाड़ा से विक्रम अहाके, रीवा से अजय मिश्रा बाबा, सतना से सिद्धार्थ कुशवाह, देवास से कविता रमेश व्यास, खंडवा से आशा मिश्रा और उज्जैन से महेश परमार को महापौर प्रत्याशी बनाया गया है।

अब सिर्फ रतलाम नगर निगम के लिए महापौर प्रत्याशी की घोषणा बाकी है। मध्य प्रदेश कांग्रेस खंडवा नगर निगम के महापौर पद के लिए घोषित की गईं प्रत्याशी श्रीमती आशा मिश्रा के जरिए अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के साथ ही ब्राह्मण वोट भी साधने का प्रयास करती हुयी दिख रही है। आशा मिश्रा स्थानीय वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरेंद्र मिश्रा की पुत्रवधु हैं। उनके पति अमित मिश्रा यहां के रामेश्वर वार्ड से पार्षद रह चुके हैं। खंडवा महापौर पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है। 

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker