दंपत्ति ने मराठी परिवार पर किया हमला, CM फडणवीस बोले- आरोपी पुरुष को किया जाएगा MTDC से निलंबित

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि ठाणे जिले के कल्याण में एक मराठी भाषी परिवार पर हमला करने के आरोप में एक दंपति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और पुरुष आरोपी को सरकारी नौकरी से निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि आरोपी अखिलेश शुक्ला महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम (MTDC) का कर्मचारी है।
मुख्यमंत्री विधान परिषद में शिवसेना (यूबीटी) विधायक अनिल परब द्वारा उठाए गए मुद्दे को लेकर फडणवीस ने जवाब दिया।
मराठी परिवार के लोगों पर हमला
परब ने कहा कि कल्याण में एक मराठी परिवार के सदस्यों पर अखिलेश शुक्ला नामक व्यक्ति ने हमला किया और उन्होंने इस पर चर्चा की मांग की।
परब ने कहा, एक बहस के बाद शुक्ला ने मराठी परिवार का अपमान किया और उस पर हमला किया, जिसमें वे घायल हो गए। शुक्ला ने पीड़ित से कहा कि वह मंत्रालय में काम करता है और कई मराठी कर्मचारी उसके कार्यालय की सफाई करते हैं।
दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों द्वारा मराठी लोगों के साथ भेदभाव की ऐसी घटनाएं दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि मराठी लोगों को ट्रेन यात्रा के दौरान हमलों का सामना करना पड़ता है या उनके खाने के विकल्पों के आधार पर हाउसिंग सोसाइटियों में घर देने से मना कर दिया जाता है।
अनिल परब ने लगाए भाजपा पर आरोप
अनिल परब ने आरोप लगाया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद मुंबई, पुणे, कल्याण और राज्य के अन्य हिस्सों में मराठी परिवारों को दूसरे राज्यों के लोगों द्वारा परेशान किए जाने की घटनाएं बढ़ गई हैं।
शिवसेना (यूबीटी) के एमएलसी सचिन अहीर ने सरकार पर ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, इस तरह की घटनाएं दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
आरोपी ने मराठी लोगों का किया अपमान- जगताप
कांग्रेस विधायक भाई जगताप ने कहा कि आरोपी शुक्ला ने मराठी भाषी लोगों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की। उन्होंने पूछा, वह ऐसा रवैया कैसे दिखा सकता है?
एनसीपी (सपा) एमएलसी शशिकांत शिंदे ने कहा कि मुंबई की हाउसिंग सोसायटियों में मांसाहारी लोगों को अनुमति नहीं देने का अघोषित नियम लागू है और उन्होंने ऐसी कुप्रथाओं में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विपक्ष ने इस मुद्दे पर सदन में नारेबाजी की और मुख्यमंत्री से जवाब मांगा।
सीएम फडणवीस ने कहा कि घटना के आरोपी अखिलेश शुक्ला और उनकी पत्नी ने पीड़ितों के साथ बहस की और उनके खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
उन्होंने कहा, शुक्ला एमटीडीसी के कर्मचारी हैं। घटना के बाद कल्याण के खड़कपाड़ा पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
आरोपी को किया जाएगा नौकरी से निलंबित- सीएम फडणवीस
सीएम ने कहा कि शुक्ला को सरकारी नौकरी से निलंबित कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, मराठी लोगों के साथ कोई अन्याय नहीं किया जाएगा।
ऐसी शिकायतें मिलने पर होगी कार्रवाई- फडणवीस
हाउसिंग सोसाइटी में मांसाहारियों को घर न दिए जाने पर फडणवीस ने कहा, संविधान ने सभी को यह अधिकार दिया है कि उन्हें क्या खाना चाहिए। किसी को भी यह अधिकार नहीं है कि वह किसी को उसके खान-पान की आदतों के आधार पर घर देने से मना कर दे। इस तरह का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी शिकायतें मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।