पैगंबर विवाद पर मुस्लिमों का नरसंहार करने वाला चीन भी दे रहा भारत को ज्ञान

दिल्ली: चीन में उइगर मुस्लिमों के क्या हालात हैं इससे लगभग पूरी दुनिया वाकिफ है। लेकिन अपने देश में मुस्लिमों का नरसंहार करने वाले चीन ने अब भारत को ज्ञान दिया है। पैगंबर मोहम्मद पर भाजपा के दो पूर्व नेताओं की कथित विवादास्पद टिप्पणी को लेकर चल रहे विवाद में अब चीन भी कूद गया है। चीन उम्मीद जताई कि इस घटना से समुचित ढंग से निपटा जा सकता है।

चीन ने कहा कि ‘‘वह मानता है कि विभिन्न सभ्यताओं, विभिन्न धर्मों को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए और समान स्तर पर सह-अस्तित्व में रहना चाहिए।’’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं द्वारा की गई कथित टिप्पणियों के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन को लेकर सरकारी चीनी मीडिया द्वारा पूछे गये एक सवाल के जवाब में चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने कहा, ‘‘हमने प्रासंगिक खबरों पर गौर किया हैं। हमें उम्मीद है कि संबंधित घटना से ठीक से निपटा जा सकता है।’’ उन्होंने कहा कि अहंकार और पूर्वाग्रह को त्यागना महत्वपूर्ण है और सभी को एक दूसरे के धर्मों का सम्मान करना चाहिए।

गौरतलब है कि चीन अपने शिनजियांग प्रांत में उइगर मुसलमानों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई के गंभीर आरोपों का सामना कर रहा है। हालांकि चीन इन आरोपों को खारिज करता रहा है। चीन में मुस्लिम कम्युनिटी पर काफी पाबंदियां हैं। चीन में 2 करोड़ से ज्यादा मुस्लिम हैं लेकिन उनके साथ हो रहे अत्याचार पर चीन हमेशा खामोश रहा है। 

Back to top button