मुंबई पुलिस को राज कुंद्रा के भागने का सता रहा है डर

पोर्न फिल्म केस मामले में मुंबई पुलिस को इस बात का डर सता रहा है कि अगर शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को जमानत मिल जाती है तो वे भी नीरव मोदी और मेहुल चोकसी की राह पकड़ सकते हैं।

दरअसल, मुंबई पुलिस ने मंगलवार को मुंबई की एक अदालत में कारोबारी राज कुंद्रा की जमानत याचिका का विरोध करते हुए कहा कि उन्हें जमानत मिलने से समाज में एक गलत संदेश जाएगा, साथ ही वह फरार भी हो सकते हैं।

पुलिस ने अदालत से कहा कि अगर उन्हें जमानत पर रिहा किया जाता है तो यह अपराध वह दोबारा कर सकते हैं या भागने की कोशिश कर सकते हैं। कथित तौर पर अश्लील सामग्री बनाने और ऐप के जरिए उसे वितरित करने को लेकर राज कुंद्रा को पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था।

राज कुंद्रा, फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। उन्होंने अपनी जमानत याचिका में कहा कि पुलिस ने अप्रैल में एक आरोपपत्र दाखिल किया था और उनका नाम ना तो उसमें, और ना ही मामले की प्राथमिकी में था।

वहीं, पुलिस ने अपनी दलील में मंगलवार को कहा कि अपराध गंभीर प्रकृति का है और वह अब भी इसकी जांच कर रही है कि सभी वीडियो कहां अपलोड किये गये थे।

पुलिस ने अदालत से कहा कि यदि आरोपी को जमानत मिल गई तो वह अश्लील वीडियो अपलोड करने जैसा अपराध करना जारी रखेंगे, जिससे हमारी संस्कृति पर प्रभाव पड़ेगा और समाज में एक गलत संदेश जाएगा। 

Back to top button