टीका उत्सव को लेकर प्रियंका गाँधी ने साधा केंद्र सरकार पर निशाना

नई दिल्ली: देश में कोरोना का संक्रमण चल रहा है। दूसरी लहर ने स्थिति भयावह कर दी है। इस बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी जारी है। कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मोदी सरकार पर हमला किया है। उन्होंने कहा है कि देश ने टीका उत्सव मना लिया, लेकिन यहां वैक्सीन की व्यवस्था ही नहीं है।

प्रियंका गांधी ने कहा, ”भारत सबसे बड़ा वैक्सीन उत्पादक देश है। भाजपा सरकार ने 12 अप्रैल को टीका उत्सव मना दिया, लेकिन वैक्सीन की कोई व्यवस्था नहीं की और इन 30 दिनों में हमारे टीकाकरण में 82% की गिरावट आई। मोदी जी वैक्सीन फैक्ट्रियों में गए, फोटो भी खिंचाई मगर उनकी सरकार ने वैक्सीन का पहला ऑर्डर जनवरी 2021 में क्यों किया?” प्रियंका गांधी ने कहा, ”अमरीका और अन्य देशों ने हिंदुस्तानी वैक्सीन कंपनियों को बहुत पहले ऑर्डर दे रखा था। इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? घर-घर वैक्सीन पहुंचाए बिना कोरोना से लड़ना असम्भव है।”

देश में कोरोना वायरस के नए मामलों में बीते एक-दो दिनों से कमी देखी जा रही है, मगर मौतों की बढ़ती संख्या से अब भी टेंशन कायम है। भारत में कोरोना से होने वाली मौतों ने अबतक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और ऐसा पहली बार है जब देश में एक दिन में 4200 लोगों ने जान गंवाई है। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले 3.48 लाख हो गए और इसी के साथ देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 2,33,40,428 हो गए।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 3,48,529 नए मामले सामने आए और 4200 और लोगों की मौत होने के बाद कुल मृतक संख्या बढ़कर 2,54,227 हो गई। दो महीने तक लगातार वृद्धि के बाद उपचाराधीन मामले कम होकर 36,99,665 हो गए, जो संक्रमण के कुल मामलों का 16.16 प्रतिशत है, जबकि संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने की दर 82.75 प्रतिशत है।

 

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker