पैसे के लेन-देन में युवक की गोली मारकर हत्या

झारखंड के रांची शहर में अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने युवक को कनपट्टी में गोली दागी है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना बुधवार शाम चार बजे की है।

मृतक का नाम कमल कुमार है और वह पंडरा ओपी क्षेत्र के फ्रेंड्स कॉलोनी का रहने वाला था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने राहुल नामक एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार अपराधी राहुल कुमार पंडरा फ्रेंड्स कॉलोनी का रहने वाला है। उसके पास से देसी कट्टा के अलावा चाकू व अन्य सामान बरामद किए गए हैं। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस मामले में पैसे के लेन-देन की बात सामने आ रही है।

जानकारी के अनुसार आरोपी राहुल और कमल दोनों डैम साइड में शराब का सेवन कर रहे थे। इस दौरान कमल आरोपी पर ब्याज का पैसा देने का दबाव दे रहा था।

इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी क्रम में आरोपी राहुल ने पिस्टल निकाली और कमल को एक गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। उन्हें देखकर राहुल भागने लगा।

मौजूद लोगों ने उसे खदेड़कर दबोच लिया। उसकी जमकर धुनाई की। इसके बाद गोंदा पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार किया है। आरोपी से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है।

शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए
घटना की जानकारी मिलने के बाद गोंदा पुलिस मौके पर पहुंची। शव को अपने कब्जे में लिया। रात आठ बजे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता कर रही है कि घटना में आरोपी राहुल के साथ और कौन-कौन शामिल था। हालांकि अब तक पुलिस को और किसी के होने की कोई जानकारी नहीं मिली है।

सूद का पैसा मांगने पहुंचा तो दाग दी गोली
जानकारी के अनुसार पंडरा फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी कमल कुमार सूद का धंधा करता था। उसी इलाके के रहने वाले आरोपी राहुल को उसने सूद पर चार लाख रुपए दिए था। कमल आरोपी से हर माह 40 हजार रुपए ब्याज वसूलता था।

अधिक ब्याज देने की वजह से राहुल काफी परेशान था। तीन माह से उसने ब्याज का पैसा देने से इंकार कर दिया। पैसा वापस करने की बात को लेकर राहुल और कमल दोनों बुधवार की दोपहर डैम साइड पहुंचे। दोनों ने एक साथ शराब पी। पैसा वापस करने को लेकर कमल ने आरोपी पर दबाव बनाया। दोनों में विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने कमल को गोली मार दी।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस
गोंदा थाना क्षेत्र स्थित कांके डैम के पास आरोपियों ने कमल नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। स्थानीय लोगों के द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को बरामद कर लिया। मृत युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker