राममंदिर आंदोलन ने पार्टी का जनाधार और विश्वास बढ़ाया : राजनाथ सिंह

लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी की नवगठित प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुरू हो चुकी है। बैठक में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। पंचायत चुनाव और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस बैठक का खास महत्व है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कार्यसमिति का उद्घाटन किया। इसके बाद होने वाले सत्रों में प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत कर रहे हैं। राजनीतिक प्रस्ताव में मोदी सरकार की छह वर्ष की उपलब्धियां, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण एवं रोजगार से जुड़ी योजनाओं को शामिल किया गया। योगी सरकार की ओर से चार साल में प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, गरीब कल्याण के क्षेत्र में लागू योजनाओं को भी राजनीतिक प्रस्ताव में शामिल किया गया है। बैठक को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किसानों से कहा कि मैं किसान भाइयों से अपील करता हूं कि बातचीत के द्वारा ही इसका समाधान हो सकता है। किसान जितनी बार कहेंगे हम उतनी बार बैठेंगे। हम लोग संशोधन भी करने को तैयार हैं। हमारा संकल्प है कि हम किसानों की आमदनी दोगुनी करेंगे। एमएसपी किसी भी सूरत में बंद नहीं होगी।

राजनाथ ने कहा कि अटल जी जनसंघ के अध्यक्ष थे तो कोई सोच नहीं सकता था कि हम सरकार बनाएंगे। आज चप्पा-चप्पा भाजपा का हमारा नारा चरित्रार्थ हुआ है। हम अटल जी के नाम पर आगे बढ़े थे, संविदा सरकार, फिर जनता पार्टी की सरकार फिर राम जन्मभूमि आंदोलन में घर-घर हमारी पार्टी के प्रति विश्वास ने हमारा जनाधार बढ़ाया। 1991 में हम पहली बार स्पष्ट बहुमत की सरकार बना सके। उसके बाद आज दूसरी बार 2017 में योगी जी के नेतृत्व में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार है। भाजपा सत्ता हासिल करने वालों का झुंड नहीं है, हम जीवंत राजनीतिक संगठन हैं। हमारा अपना राजनैतिक दर्शन है, किसी भी अन्य दल यहां तक कि कम्युनिस्ट पार्टी का भी दर्शन नहीं है। बहुत सी पार्टियां टूटी हैं, भाजपा में टूट नहीं हुई। यह हमारे दर्शन की दिशा व दृष्टि जो एकात्म मानववाद से प्रेरित है से मिलती है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker