पत्नी ने पति को चाकू मारा

नई दिल्ली। कार्यालय संवाददाता

शाहदरा के कृष्णा नगर में रविवार को मामूली झगड़े में एक महिला ने अपने पति पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से युवक घायल हो गया। वहीं बेटे के बचाव करने दौड़ी मां की भी आरोपी महिला ने चप्पल से पिटाई कर दी।

घायल अवस्था में मां-बेटे थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस दोनों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर गई। पुलिस ने युवक की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।

पीड़ित 20 वर्षीय विशाल बोबल परिवार के साथ कृष्णा नगर की राजगढ़ कॉलोनी में रहता है। परिवार में पत्नी साक्षी और मां सिम्मी बोबल समेत अन्य सदस्य हैं। विशाल के अनुसार, उसके नाना की तबीयत खराब चल रही है।

शनिवार रात वह अपनी मां के साथ नाना के घर उन्हें देखने चला गया था। इस दौरान उसकी पत्नी साक्षी फरीदाबाद अपने मायके गई थी। रविवार सुबह साक्षी घर पहुंची और विशाल से पूछने लगी कि तुम अपनी मां के साथ रात को कहां गए थे।

विशाल ने नाना के घर जाने की बात बताई। इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि साक्षी किचन में गई और चाकू लाकर विशाल पर हमला कर दिया। बचाव करने के दौरान विशाल के हाथ समेत कई जगह चाकू लगे।

शोर सुनकर उसकी मां नीचे आईं और बचाव करने लगी तो साक्षी ने चप्पल से उनकी पिटाई शुरू कर दी। घटना के बाद दोनों मां-बेटे कृष्णा नगर थाने पहुंचे। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker