भारतीय मजदूर संघ ने विरोध प्रदर्शन कर केंद्र सरकार को भेजा ज्ञापन

भारतीय मजदूर संघ के 21वें अखिल भारतीय त्रि-वार्षिक अधिवेशन में पारित प्रस्तावों के समर्थन में आज दिनांक 25 फरवरी 2026 को जनपद महोबा में धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान संघ पदाधिकारियों एवं संघ से सम्बद्ध श्रमिक संगठनों द्वारा जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय श्रम व रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि विगत 6, 7 एवं 8 फरवरी 2026 को भगवान जगन्नाथ की पवित्र नगरी पुरी (उड़ीसा) में आयोजित भारतीय मजदूर संघ के अधिवेशन में देशभर से आए श्रमिक प्रतिनिधियों ने श्रमिकों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर व्यापक चर्चा की। अधिवेशन में विभिन्न प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित करते हुए श्रमिक हितों की रक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। संघ द्वारा प्रस्तुत प्रमुख मांगों में सभी सेक्टरों में श्रम कानूनों को बिना किसी छूट के लागू करना, इंडस्ट्रियल रिलेशन कोड 2020 एवं ऑक्यूपेशनल सेफ्टी, हेल्थ एंड वर्किंग कंडीशन कोड 2020 में व्याप्त श्रमिक समस्याओं का समाधान, इंडियन लेबर कॉन्फ्रेंस का शीघ्र आयोजन, EPS-95 के अंतर्गत न्यूनतम पेंशन को ₹1000 से बढ़ाकर ₹7500 प्रतिमाह महंगाई भत्ते सहित लागू करना शामिल है। इसके साथ ही EPF के लिए अनिवार्य वेतन सीमा ₹15000 से बढ़ाकर ₹30000 तथा ESIC के अंतर्गत कवरेज सीमा ₹21000 से बढ़ाकर ₹42000 करने, बोनस भुगतान अधिनियम 1965 के तहत पात्रता एवं गणना सीमा में वृद्धि करने, स्कीम वर्करों एवं ठेका श्रमिकों को स्थायी करने तथा सामान्य भर्ती पर लगी रोक हटाकर गारंटीड रोजगार सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। धरना प्रदर्शन के दौरान जिला कार्यकारी अध्यक्ष कपिल कुमार कश्यप ने कहा कि श्रमिकों के हितों की रक्षा हेतु केंद्र एवं राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। जिला विस्तारक आशीष सिंह ने विश्वास जताया कि भारत सरकार श्रमिक हित में सकारात्मक पहल करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

इस अवसर पर आज के कार्यक्रम सफल बनाने के लिए एनएचएम महिला पुरुष,
बैंक कर्मचारी कर्मचारी,
रोडवेज कर्मचारी कर्मचारी, बिजली कर्मचारी,ट्रक चालक/दिहाड़ी मजदूर एवं ईपीएस-95 पेंशनर सहित सैकड़ों की संख्या में श्रमिक एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।





