पुतिन ने फोन पर बात करने के लिए ट्रंप को करीब एक घंटे का कराया इंतजार, पढ़ें पूरी खबर…

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की दिशा में कदम उठाते हुए मंगलवार को फोन पर बातचीत की। दोनों ही नेता ऊर्जा और बुनियादी ढांचों को टारगेट कर हमले को लेकर युद्ध विराम पर सहमत हुए। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस बातचीत को शानदार बताया है। हालांकि मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि पुतिन ने फोन पर बात करने के लिए ट्रंप को करीब एक घंटे का इंतजार कराया। इसे अमेरिकी राष्ट्रपति के अपमान के तौर पर भी देखा जा रहा है। इतना ही नहीं, रूस ने अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा प्रस्तावित 30 दिनों के संघर्ष विराम को भी खारिज कर दिया।

पुतिन ने ट्रंप से फोन कॉल करने के लिए एक घंटे इंतजार करवा लिया और फिर यूक्रेन के ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों को सीमित करने पर सहमति जताई। ऐसा कहा जा रहा है कि जब ट्रंप रूसी राष्ट्रपति से बात करना चाहते थे तब पुतिन मॉस्को में उद्योगपतियों और व्यवसायियों के साथ एक वार्षिक कार्यक्रम में व्यस्त थे।

ट्रंप का फोना कॉल रूसी समय के अनुसार 4 PM और 6 PM के बीच तय थी। कार्यक्रम के मेजबान ने 4 बजे के आसपास पुतिन को कॉल के बारे में याद दिलाया। इसके जवाब में पुतिन ने एक स्माइली के साथ अनदेखा कर दिया। वायरल फुटेज में यह देखा जा सकता है। पुतिन शाम 5 बजे के करीब क्रेमलिन पहुंचे। इसके बाद दोनों की फोन पर बात हुई।

इस वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। कई लोगों ने इसे ट्रंप का जानबूझकर अपमान करने के रूप में देखा। एक X यूज़र ने लिखा, “नेताओं को इंतजार कराना पुतिन का एक पुरानी ताकत का खेल है। लेकिन यह तो बहुत ही क्रूर था।” एक ने लिखा, “पुतिन ने चेतावनी को नजरअंदाज किया और ट्रंप को दुनिया के सामने अपमानित किया।”

कुछ लोगों ने इस देरी को पुतिन के पक्ष में एक स्पष्ट संकेत के रूप में देखा। एक यूज़र ने कहा, “पुतिन ने ट्रंप को अपने तरीके से खेला। उन्हें संघर्ष विराम का कोई वास्तविक इरादा नहीं है और वह अपने एजेंडा को जारी रखते हुए दुनिया के नेताओं को असमंजस में डालते हैं।”

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि उनका देश इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों को 30 दिनों के लिए रोकने के प्रस्ताव का समर्थन करेगा। उन्होंने कहा कि रूस ने मंगलवार की रात 40 से अधिक ड्रोन हमले किए जिनमें सुमी में एक अस्पताल और कीव क्षेत्र भी शामिल था। जेलेंस्की ने अपने टेलीग्राम संदेश में कहा, “आज पुतिन ने पूरी तरह से संघर्ष विराम के प्रस्ताव को खारिज कर दिया। दुनिया के लिए यह सही होगा कि वह पुतिन के युद्ध को लम्बा खींचने के प्रयासों को नकारे।”

ट्रंप ने फोन कॉल को बताया शानदार

ट्रंप का ज़ेलेंस्की के साथ जटिल संबंध रहा है। उन्होंने पुतिन के साथ अपने फोन कॉल के बारे में सकारात्मक टिप्पणी की। उन्होंने फॉक्स न्यूज के एक शो पर कहा, “हमारी कॉल बहुत शानदार रही। यह लगभग दो घंटे तक चली।”

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker