दिल्ली के वसंत विहार में 13 साल के छात्र संदिग्ध हालत में मौत, जांच में जुटी पुलिस
दिल्ली के वसंत विहार स्थित चिन्मय स्कूल में 13 साल के छात्र प्रिंस की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजनों ने स्कूल के ही एक बच्चे पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
स्कूल के एक छात्र से हुआ था झगड़ा
बताया जा रहा है कि प्रिंस का स्कूल के बच्चे से झगड़ा हुआ था। प्रिंस छठी क्लास में पढ़ता था। प्रिंस के पिता कुशाग्र ड्रेन क्लीनर है। इनका एक और बेटा पीयूष है।
आज ही था प्रिंस का जन्मदिन
बताया गया कि क्लासरूम के अंदर बच्चे का शव मिला है। तीन नवंबर को ही प्रिंस का जन्मदिन था। उधर, बेटे की लाश देखकर मां का कलेजा कांप उठा। प्रिंस की मां नीतू का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार यही कह रही है कि मेरे बेटे को क्यों मारा? मां समेत परिजन स्कूल के टीचरों पर आरोप लगा रहे हैं।
फुटबाल टीम का कैप्टन था प्रिंस
जांच में सामने आया कि यह सीबीएसई का स्कूल है। छात्र का ईडब्ल्यूएस कोटे से दाखिला हुआ था। झगड़े की बात अभी कंफर्म नहीं है। बताया गया कि प्रिंस अपने स्कूल में फुटबाल टीम का कैप्टन था।
वहीं, बच्चे की मौत की सूचना पर परिजन व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे हैं। परिजन स्कूल के बाहर हंगामा कर रहे हैं। हंगामा बढ़ता देख बच्चों की छुट्टी कर दी गई और स्कूल को बंद कर दिया गया है। परिजन टीचरों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रिंस वसंत विहार कुसुमपुर पहाड़ी में रहता था। जिस बच्चे से झगड़ा हुआ था, वह अपने माता-पिता के साथ स्कूल के अंदर है।
डॉक्टरों की जांच में सामने आई यह बात
फोर्टिस अस्पताल वसंत कुंज से आज सुबह 10.15 बजे सूचना मिली कि प्रिंस पुत्र सागर निवासी ए-120, कुदुमपुर पहाड़ी वसंत विहार को मृत अवस्था में लाया गया है। जांच और शव के निरीक्षण से पता चला है कि मृतक के शरीर पर कोई चोट नहीं थी। मुंह से झाग जैसा कुछ निकल रहा था।
डॉक्टरों ने मौखिक रूप से बताया कि मृतक को दौरे पड़ने की समस्या हो सकती है। जांच की जा रही है। स्कूल के बच्चों और शिक्षकों की जांच की जा रही है और उसके अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
साउथ वेस्ट डीसीपी सुरेंद्र चौधरी का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी सामने आएगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।