पत्नी को मायके से बुलाकर युवक ने गला दबाकर उतारा मौत के घाट

छठ पूजा का सामान खरीदने के बहाने गुरुवार को पत्नी को मायके से बुलाकर ले जाने के बाद युवक ने गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद शव को नहर में फेंककर फरार हो गया। शुक्रवार की सुबह नहर में महिला का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई।
छानबीन में जुटी पुलिस ने संदेह के आधार पर पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस को संदेह है कि घटना में आरोपित का भांजा भी शामिल था, जिसे पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
पीपीगंज के बढ़नी गांव के परसौनी टोला में रहने वाले राममिलन ने अपनी पुत्री तारामति की शादी 10 वर्ष पहले सहजनवां के लुनिया गांव में रहने वाले सुरेंद्र निषाद से की थी। दोनों के तीन बच्चे हैंतारामति के भाई का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी बहन के चरित्र पर सुरेंद्र संदेह करता था, जिसको लेकर मारपीट भी करता था।
गुरुवार को छठ पूजा करने के लिए तारामति मायके आयी थी। पूजा का सामान खरीदने के बहाने उसे अपने साथ ले गया। सामान खरीदकर लौटते समय गांव पास नहर किनारे सुनसान स्थान पर गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना के बाद शव को नहर में फेंककर फरार हो गया। परिवार के लोगों ने देर रात तक तारामति की खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। शुक्रवार को शव मिलने के बाद सनसनी फैला गई। एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।भांजे के भूमिका की जांच चल रही है।
शुक्रवार को शव को ठिकाने लगाने भांजे संग आया था
पत्नी की हत्या करके नहर में फेंकने के बाद सुरेंद्र अपनी बहन के घर चला गया। शुक्रवार की सुबह अपने भांजे के साथ शव को ठिकाने लगाने के लिए परसौनी गांव में पहुंचा, इससे पहले पुलिस को घटना की जानकारी हो चुकी थी। परिवार के लोगों ने हत्या करने का संदेह जताया तो पीपीगंज थाना पुलिस ने सुरेंद्र को दबोच लिया। उसके भांजे से भी पूछताछ चल रही है।
बिस्तर पर मिला अधेड़ का शव, हत्या की आशंका
गगहा क्षेत्र के घेवरपार गांव में शुक्रवार को 45 वर्षीय राम प्यारे का शव कमरे में बिस्तर पर मिला। गले पर चोट का निशान होने की वजह से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
शुक्रवार की सुबह बेटे अरविंद ने पुलिस को बताया कि उनके पिता राम प्यारे की दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई है। गले पर चोट का निशान होने पर गांव के लोगों ने अनहोनी की आशंका जताई तो गगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। कमरे की तलाशी लेने पर एक रस्सी मिली।
गगहा थाना प्रभारी गौरव वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु की वजह साफ होगी। राम प्यारे का बेटा अरविंद कुछ दिन पहले दिल्ली से आया है। पूछताछ के लिए उसे थाने बुलाया गया है।