MP के जबलपुर में तेज बारिश से कच्चे मकान की दीवार गिरने से पति-पत्नी की मौत

मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार अलसुबह हुई तेज बारिश के कारण बड़ा हादसा हो गया। यहां एक कच्चे मकान की दीवार गिरने से पति पत्नी की मौत हो गई। बच्चे दादी के पास दूसरे कमरे में सोए हुए थे, इसलिए वे सुरक्षित बच गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और मिट्टी के नीचे दबे पति पत्नी को निकाला। लोग उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।

जबलपुर के मझौली थाना क्षेत्र में गुरुवार हुई तेज बारिश से एक कच्चे मकान की दीवार गिर गई। इस हादसे में घर में सो रहे पति अशोक दहिया (43) और पत्नी विमला बाई (38) की मलबे में दबने से मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 5 बजे का बताया जा रहा है। मृतक के परिवार में 2 बेटे और एक बेटी है। बुधवार रात भोजन करने के बाद पति पत्नी एक कमरे में सो रहे थे और उनके बच्चे अपनी दादी के साथ दूसरे कमरे में सो गए थे।

जानकारी के अनुसार, मृतक अशोक तीन भाई हैं। तीनों एक ही मोहल्ले में अलग अलग जगहों पर रहते हैं। अशोक ने बुधवार रात को ही अपने बड़े भाई से कहा था कि बारिश का मौसम खत्म होने के बाद वह कमरे को पक्का बनवा लेगा, लेकिन इससे पहले ही हादसा हो गया। अशोक के बड़े भाई उद्धव ने बताया कि अशोक का तीन कमरों का घर है। इनमें दो पक्के और एक कमरा कच्चा है। पक्के कमरे में छोटा भाई विपिन अपनी पत्नी के साथ सो रहा था, जबकि दूसरे कमरे में अशोक की मां और उसके बच्चे थे। कच्ची दीवार वाले कमरे में अशोक और विमला सो रहे थे। 

उन्होंने बताया कि कच्चे दीवार वाले कमरे से पड़ोसी रामकुमार का कच्चा मकान लगा है। रात में तेज बारिश हुई थी। कच्चा मकान होने के कारण तड़के पड़ोसी रामकुमार के मकान से सटी दीवार ढह गई। छप्पर भी कमरे में सो रहे अशोक-विमला के ऊपर आ गिरा। आवाज सुनते ही हम लोग दौड़कर वहां पहुंचे। अशोक और विमला की सिर्फ चीखें सुनाई दे रही थीं। जैसे-तैसे सभी ने मिलकर मलबा हटाया। उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन दोनों ने दम तोड़ दिया।

मझौली थाना प्रभारी जेपी द्विवेदी ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कच्चे मकान की दीवार ढहने से दंपति दब गए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रस्ते में ही उनकी मौत हो गई।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker