मेरठ में युवक ने प्रेमिका के घर में घुसकर गोली मारकर की हत्या, फिर खुद की आत्महत्या

मेरठ में एक युवक ने रविवार देर रात प्रेमिका के घर में घुसकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने वहीं खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। युवक के परिजनों ने हॉरर किलिंग का आरोप लगाया है। भावनपुर थानाक्षेत्र के गांव पचगांव पट्टी अमरसिंहपुर निवासी 25 वर्षीय मनीष पुत्र श्रीचंद गांव में मेडिकल स्टोर चलाता था। करीब तीन साल से मनीष का मोहल्ला निवासी 21 वर्षीय विधि से प्रेम प्रसंग था। मनीष के परिजनों ने हाल ही में उसकी शादी गोलाबढ़ में तय कर दी थी और 15 जुलाई को बारात जानी थी। मनीष इसका लगातार विरोध कर रहा था।

जानकारी के अनुसार रविवार देररात मनीष युवती के घर पहुंच गया और युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी कनपटी पर गोली मारकर सुसाइड कर लिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनो ने देररात करीब 2:19 बजे वारदात की पुलिस को सूचना देकर बुलाया गया। मनीष की मां विमला और पिता श्रीचंद ने हॉरर किलिंग का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। आरोप लगाया कि दोनों की हत्या युवती के परिजनों ने की है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि साक्ष्य संकलन किए जा रहे हैं।

सिरफिरे ने दो परिवारों को दिया ताउम्र का जख्मी

मनीष और विधि दोनों करीब तीन साल से साथ थे। अब मनीष के परिजनों ने उसका रिश्ता तय कर दिया था, लेकिन वो शादी को तैयार नहीं था। एसओ भावनपुर संजय द्विवेदी ने बताया कि मनीष अब विधि को साथ लेकर जाना चाहता था, लेकिन बात नहीं बनी। रविवार देररात करीब 1.45 बजे मुंह पर कपड़ा बांधकर मनीष, विधि के घर गया और दोनों रसोई में मिले थे। इसी दौरान विधि की बहन दीया वहां पहुंच गई। इससे पहले दीया परिजनों को बुलाकर लाती, मनीष ने विधि को गोली मार दी और फिर खुद भी जान दे दी।

एसओ भावनपुर संजय द्विवेदी ने बताया कि मनीष और विधि दोनों एक ही बिरादरी से थे। हालांकि मनीष के परिजनों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। गांव में ही शादी करने को तैयार नहीं थे और इसी विवाद में दोनों को अलग किया जा रहा था। मनीष लगातार विधि से साथ चलने और बाहर शादी कर साथ रहने के लिए कह रहा था। विधि अपने परिवार और छोटी बहन की खातिर इसके लिए तैयार नहीं हो रही थी। एसओ भावनपुर ने बताया पुलिस छानबीन में पता चला है कि रात को मनीष तमंचा और कारतूस लेकर विधि के घर गया था। यहां दोनों रसोई में मिले थे। किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। इसी दौरान विधि की बहन दीया रसोई में पहुंच गई और दोनों को साथ देख लिया। 

मनीष ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। दीया परिवार को बुलाने के लिए कमरे की ओर गई, लेकिन इसी दौरान गोली चलने की आवाज आई। दीया वापस रसोई की ओर दौड़ी तो बहन की लाश फर्श पर पड़ी थी। मनीष ने तमंचा दोबारा लोड किया और अपनी कनपटी पर दाईं ओर गोली मार कर जान दे दी। परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और यूपी 112 पर कॉल किया। रात करीब 2.15 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर छानबीन कराई गई। मनीष ने गोली चलाई इसकी पुष्टि फोरेंसिक टीम ने की है। तमंचा मौके पर बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने सुबह करीब 4.30 बजे दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

मनीष के परिजन बोले बुलाकर हत्या की गई

पुलिस ने मनीष के परिजनों को हादसे की सूचना दी। मनीष के पिता श्रीचंद ने आरोप लगाया कि विधि के परिजनों ने मनीष को दवा देने के बहाने से बुलाया और हत्या की गई। आरोप लगाया विधि के परिजन प्रेम प्रसंग के बारे में जानते थे और विरोध करते थे। आरोप लगाया इसी विवाद में हत्या की गई। रात तक किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने फिलहाल घटना की सूचना दर्ज की है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker