MP में भीषण गर्मी का कहर, तापमान ने तोड़ा रिकॉर्ड

मध्य प्रदेश में सूरज आग उगल रहा है। दिन के बाद अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। सोमवार को तापमान ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। निवाड़ी जिले में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। लू और गर्म हवाओं के प्रभाव के चलते राज्य में भीषण गर्मी का दौर बना हुआ है। दिन में प्रचंड गर्मी के बाद अब रात का पारा भी प्रदेश के कई हिस्सों में बढ़ने लगा है, जिसके चलते रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। रायसेन में रात का पारा 33.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश भर में भीषण गर्मी का दौर बना हुआ है। दस से अधिक स्थानों पर दिन का पारा 45 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में पारा 48.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा छह शहरों में पारा 46 डिग्री के ऊपर रहा। दिन में पड़ रही जबर्दस्त गर्मी के बाद अब रात में भी गर्मी बेचैन कर रही है। रायसेन में रात्रि का पारा 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलावा टीकमगढ़ में रात्रि का तापमान 32 डिग्री, दमोह में 31.2 डिग्री, गुना में 31.8 डिग्री तथा भोपाल में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी रात्रि का पारा बढ़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि आज भी दिन में भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क है और गर्म हवाएं चल रहीं है, जिसके चलते आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। 

प्रदेश के कई स्थानों पर आज दिन में लू की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे प्रचंड गर्मी का दौर देखा जा सकता है। राजधानी भोपाल में आज सुबह से धूप के तेवर तीखे बने हुए हैं तथा गर्म हवाएं चल रहीं हैं, जिसके कारण काम में निकलने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आने वालों कुछ दिनों तक यहां गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। यहां कल रात्रि का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker