यूपी: तेज धूप और झुलसाती हवाओं से हाल बेहाल, जानें कब मिलेगी राहत…

यूपी में तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं के बीच गर्मी से कुछ राहत के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग का कहना है कि गर्मी आगे भी परेशान करेगी लेकिन अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है। मंगलवार से पारा नीचे आएगा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि सोमवार से गोरखपुर और आसपास के इलाके में मौसम बदल सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में सोमवार को देर रात एक दो स्थानों पर बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ जिलों में हल्की बूंदाबादी हो सकती है। इसके साथ ही धूल भरी आंधी भी चल सकती है। 

लखनऊ के आसमान के ऊपर उच्च वायुमंडल में गुजर रहे पश्चिमी विक्षोभ की तेज हवाओं के कारण वातावरण में मौजूद धूल के कण उड़ गए। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार इसकी वजह से धूप का असर ज्यादा महसूस किया गया। सूरज की किरणें सीधे धरती पर पड़ रही थी। इससे सोमवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री पहुंच गया। दोपहर में गुजरना मुश्किल हो रहा था। मौसम का असर ट्रैफिक व्यवस्था पर भी पड़ा। आम दिनों की अपेक्षा दोपहर में सड़कों पर सन्नाटे जैसी स्थिति रही।

दोपहर बाद तक तापमान बढ़त का दौर जारी रहा। हालत यह थी कि शाम चार बजे तक झुलसा देने वाली तपिश बनी रही। ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले या जाम में फंसे दो पहिया, साइकिल सवारों को ऐसा लग रहा था मानो सड़क से आंच उठ रही हो। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार पूर्वी दिशा से आ रही चक्रवाती हवाओं के दबाव से मौसम में बदलाव के संकेत हैं लेकिन यह मंगलवार की शाम से देखने को मिलेगा। इसके बाद बुधवार और गुरुवार को बूंदाबांदी या बारिश की संभावना है। बीते 24 घंटों के अनुसार न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.2 डिग्री कम रहा। सोमवार को आसमान आमतौर पर साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस बीच गर्म हवा के झोंके परेशान करेंगे। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।

धूप-लू से खुद को बचाएं12 से तीन बाहर न जाएं

हीट वेव (लू) के बीच लोगों को खासकर बच्चों के प्रति अधिक ध्यान रखने की जरूरत है। सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने यह सलाह देते हुए बताया कि सभी अस्पतालों में कोल्ड रूम बनाए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि जरूरी हो तभी दोपहर में 12 से तीन बजे तक घर या ऑफिस से निकलें। ढककर निकले। पानी साथ रखें। थोड़ी-थोड़ी देर में जरूर पीते रहें।

सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने बताया कि सभी सरकारी अस्पतालों में गर्मी के असर से होने वाली बीमारियों के प्रबंधन को कोल्ड रूम, कोल्ड पैक, ओआरएस पैकेट, शीतल पेयजल, पंखा और कूलर, पर्याप्त दवाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। लू से बचाव के लिए सभी सीएचसी, पीएचसी स्टाफ को प्रशिक्षित किया गया है। निजी चिकित्सा संस्थानों में लू से बचाव की जरूरी तैयारियां भी हैं।

चिकित्सा संस्थानों के प्रमुख द्वार पर अस्थायी शेल्टर निर्माण, कूलर पंखा, शुद्ध पानी व्यवस्था, पैरासिटामॉल आदि की मुहैया करा दी गई हैं। इसमें विभिन्न संस्थाएं, संगठन भी सहयोग कर रहे हैं। उप्र. आवास विकास परिषद की ओर से रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन को गर्मी से बचाव के निर्देश जारी किए गए हैं। रोटरी क्लब, आईआईए और दूसरे बड़े संगठनों के साथ बैठक कर निर्देश दिए गए हैं। मेट्रो, बस अड्डे में ऑडियो-वीडियो जिंगल, होर्डिंग्स से जनमानस को जागरूक किया जा रहा है।

नौ बजे ही पारा 30 पार

समय तापमान

700 बजे 29.0 डिग्री सेल्सियस

9.00 बजे 30.0 डिग्री सेल्सियस

1100 बजे 35.0 डिग्री सेल्सियस

100 बजे 41.0 डिग्री सेल्सियस

3.00 बजे 42.5 डिग्री सेल्सियस

500 बजे 39.7 डिग्री सेल्सियस

7.00 बजे 35.9 डिग्री सेल्सियस

900 बजे 34.2 डिग्री सेल्सियस

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker