MCD में मतदान से पहले घमासान, बिना बहुमत भाजपा ने उतारे उम्मीदवार, क्रॉस वोटिंग की संभावना बढ़ी

दिल्ली में लोकसभा के लिए मतदान से पहले आप और भाजपा में निगम के मेयर-डिप्टी मेयर चुनाव के लिए घमासान शुरू हो गया है। निगम में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को दोनों पदों के लिए प्रत्याशी उतारे। उधर, भाजपा ने भी अपने उम्मीदवार खड़े कर दिए। इतना ही नहीं, आप के दो पार्षदों ने भी डिप्टी महापौर के लिए नामांकन कर दिया है। इसे पार्टी में बगावत के तौर पर देखा जा रहा है। नगर निगम में दलबदल कानून लागू नहीं होता। इस कारण क्रॉस वोटिंग की संभावना भी जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, भाजपा ने इसी उम्मीद में दोनों पदों के लिए प्रत्याशी खड़े किए हैं।

प्रत्याशी बनाते ही नामांकन 

26 अप्रैल को होने वाले मेयर-डिप्टी मेयर चुनाव में इस बार दिलचस्प मुकाबला देखेने को मिल सकता है। आप ने देवनगर वार्ड से पार्षद महेश खीची को महापौर और अमन विहार से पार्षद रविंदर भारद्वाज को उपमहापौर के लिए प्रत्याशी बनाया है। गुरुवार को उन्होंने नामांकन भी दाखिल कर दिया। उधर, भाजपा ने शकरपुर वार्ड से पार्षद कृष्ण लाल को महापौर पद के लिए तथा सादतपुर वार्ड से पार्षद नीता बिष्ट को उपमहापौर के लिए मैदान में उतारा है।

भाजपा के पास बहुमत नहीं 

दिलचस्प बात यह है कि आप के दो पार्षद नरेंद्र कुमार और विजय कुमार ने भी उप महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। इसे पार्टी में बगावत के तौर पर देखा जा रहा है। भाजपा के पास बहुमत के लिए पर्याप्त पार्षद नहीं हैं। फिर भी उसे मुकाबले में मजबूत माना जा रहा है। गुरुवार को आम आदमी पार्टी और भाजपा के नेताओं ने प्रेसवार्ता कर अपने अपने उम्मीदवार घोषित किए।

आप प्रत्याशी

महेश कुमार खीची- करोल बाग विधानसभा के देव नगर वार्ड नंबर 84 से पार्षद हैं। 45 वर्षीय खीची ने मोतीलाल नेहरू कॉलेज से बी.कॉम की पढ़ाई की है। पार्टी में शुरुआती दिनों से जुड़े हैं। पहले बूथ अध्यक्ष रहे, फिर वार्ड अध्यक्ष और आरडब्ल्यूए के विधानसभा अध्यक्ष बनाए गए । जमीनी स्तर पर उनके संवाद और काम को देखते हुए उन्हें मेयर पद का उम्मीदवार बनाया गया है।

रविंद्र भारद्वाज- अमन विहार वार्ड नंबर 41 से पार्षद हैं। 35 वर्षीय भारद्वाज दो बार से लगातार पार्षद हैं। वह पार्टी के साथ आंदोलन के समय से जुड़े हुए हैं। वर्ष 2017 में पार्षद बने तो उत्तरी दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति के सदस्य भी रहे हैं।

भाजपा के प्रत्याशी

कृष्ण लाल- लंबे समय से भाजपा के साथ हैं। शकूरपुर जेजे कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय किशनलाल अनुसूचित जाति से हैं। 12वी उत्तीर्ण हैं। 2010 में वह केशव पुरम युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष थे। 2012 से 2017 तक निगम पार्षद रहे और 2022 में शकूरपुर मंडल अध्यक्ष बने। 2022 से नगर निगम में पार्षद हैं।

नीता बिष्ट- 2004 से भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी हैं। उन्होंने 10वीं तक पढ़ाई की है। सादतपुर वार्ड से दो बार पाषर्द का चुनाव जीती हैं। मंडल में महिला प्रकोष्ट की प्रमुख, जिला महिला मोर्चा में भी रही हैं।

आप पार्षदों को मनाने का सिलसिला जारी

आप दो पार्षदों, त्रिलोकपुरी वार्ड नंबर से 192 से विजय कुमार और मंगलापुरी वार्ड नंबर 119 ने डिप्टी मेयर पद पर नामांकन दाखिल कर दिया गया है। हालांकि इन्हें मनाने की कोशिश भी जारी है। देर शाम विजय कुमार ने आप सांसद संजय सिंह व आतिशी के साथ फोटो ट्वीट करके कहा कि वह चुनाव नहीं लड़ रहे। उधर, नरेंद्र कुमार ने कहा कि अब स्टेशन से गाड़ी निकल चुकी है। हालांकि आम आदमी पार्टी का कहना है कि वह नाराज नहीं हैं।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker