यादव समाज पर टिप्पणी के आरोप में सीएम साय का तंज, जानिए क्या कहा…

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ दौरे के लिए रवाना हुए हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान प्रचार-प्रसार में सीएम साय लगातार दौरा कर रहे हैं। इस बीच रायपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह आज रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र में प्रत्याशी राधेश्याम के नामांकन में शामिल होने जा रहे हैं। जहां रायगढ़ में सीएम रैली करने के बाद सरायपाली पहुंचकर एक चुनावी आमसभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री साय ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मोदी की गारंटी के साथ ही 2024 का संकल्प पत्र बना है। यह संकल्प पत्र सिर्फ पीेेएम मोदी की मर्जी पर नहीं है, इसमें पूरे देश भर से लोगों से सुझाव मंगवाकर बनाया गया है। देशभर से ऑनलाइन माध्यम से लोगों ने सुझाव दिए, जिसे मिला-जुला कर मोदी की गारंटी का यह संकल्प पत्र तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चुनाव में कांग्रेस की स्थिति को लेकर कहा कि कांग्रेस अगर चुनाव लड़ रही है तो प्रचार भी कर रही होगी। हमें तो प्रदेश में उनकी हालत ठीक नहीं दिख रही है। कांग्रेस पार्टी के अंदर लगातार बिखराव की स्थिति है। जिसका एक उदाहरण दुर्ग में भी सामने आया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कल हम दुर्ग जिले में लोकसभा प्रत्याशी विजय बघेल के नामांकन में शामिल हुए थे। जहां भूपेश बघेल की भाभी सीमा बघेल ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ले ली है। इन चीजों से साफ जाहिर होता है कि वर्तमान में कांग्रेस की प्रदेश में क्या स्थिति है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यादव समाज का अपमान करने वाले कांग्रेस पार्टी के आरोप का जवाब देते हुए कहा कि यह बिल्कुल ही गलत आरोप है। वर्तमान में कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं रह गया है, इसलिए वह लोग इस तरह की बात कर रहे हैं। साय ने कहा कि इससे पहले भी आप लोगों ने देखा होगा कि हमारे कुछ स्टेटमेंट को तोड़ मरोड़ कर पेश करने का काम कांग्रेस के लोगों के द्वारा किया गया है। कुछ इसी तरह से यादव समाज के बयान के साथ भी छेड़खानी की गई है। हमारे द्वारा यादव समाज को लेकर किसी प्रकार से कोई टिप्पणी नहीं की गई है। सीएम ने कहा कि अपने बयान पर अगर जरूरत पड़ेगी तो वह लठ उठाने को भी तैयार हैं।