सीएम भूपेश बघेल ने गिरिराज सिंह को दी चुनौती, जानिए क्या कहा…

रायपुर, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और केंद्रीय मंत्री गिरराज सिंह के बीच जुबानी जंग तेज हो चुकी है। कुछ दिनों पहले केंद्र सरकार ने कई फसलों की MSP में बढ़ोतरी का ऐलान किया। केंद्र के इस फैसले के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि धान की कीमत तय करने के लिए केंद्र सरकार को स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को आधार बनाना चाहिए।

गिरिराज सिंह ने राज्य सरकार पर मतांतरण का लगाया आरोप

इसी बीच गिरिराज सिंह ने बस्तर में कहा कि मोदी सरकार सबसे ज्यादा धान की कीमत दे रही है और राज्य सरकार अपना श्रेय ले रही है। इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकार के संरक्षण में मतांतरण का आरोप भी लगाया। केंद्रीय मंत्री के इस बयान पर भूपेश बघेल ने नाराजगी जाहिर की।

उन्होंने कहा, वे (गिरिराज सिंह) बता दें, किस मंच पर आना है। यूपीए और एनडीए सरकार के दस साल में धान का कितना भाव बढ़ा, उस पर बहस के लिए हमारा कोई भी कार्यकर्ता तैयार है। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के 15 साल में जितना मतांतरण हुआ, उतना न तो कभी हुआ, न होगा।

राजधानी में मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि धान की कीमत तय करने के लिए केंद्र सरकार को स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को आधार बनाना चाहिए। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने उसे आधार बनाया और किसानों की संख्या, खेती का रकबा और उत्पादन बढ़ा है। छत्तीसगढ़ माडल की देश में चर्चा है।

मतांतरण की शिकायतों पर हो रही कार्रवाई

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि मध्यप्रदेश के समय से मतांतरण पर कानून बना हुआ है। राज्य गठन के बाद उसको यहां जैसे का तैसा स्वीकार किया गया है। प्रदेश में जिस जगह से भी मतांतरण की शिकायतें आ रही हैं, उस पर कार्रवाई हो रही है। कुछ फर्जी शिकायतें सामने आई हैं। जहां तक गिरिराज सिंह की बात है तो वे इससे पहले एक दो बार ही छत्तीसगढ़ आए होंगे।

बीजेपी के कार्यकाल में बने सबसे ज्यादा चर्च: भूपेश बघेल

भारतीय जनता पार्टी के कार्यकाल के 15 सालों में जितने चर्च बने हैं, उससे ना पहले बने हैं ना उसके बाद में। सीएम ने चुनौती देते हुए कहा कि भाजपा उनके इस दावे का खंडन करे। उन्होंने कहा कि चर्च तभी बनेगा या पूजा स्थल तभी बनेगा, जब वहां उस धर्म को मानने वाले लोग रहेंगे।

गांधी परिवार के बिना बीजेपी की नहीं चल सकती राजनीति: सीएम बघेल

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर केंद्र सरकार और भाजपा के लगातार आक्रामक बयान को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया है। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि बिना गांधी परिवार के भाजपा की राजनीति नहीं चल सकती। भाजपा की केंद्र सरकार ने राहुल गांधी से संसद की सदस्यता छीन ली, उनका बंगला भी ले लिया, अब भी उनके पीछे पड़े हैं। इसका मतलब है कि राहुल गांधी बहुत महत्वपूर्ण बात कहते हैं। उनकी बातें सीधे दिल में चुभती है।

हरियाणा के किसान आंदोलन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार उन्हें एमएसपी भी नहीं दे रही है। पांच साल पहले केंद्र सरकार ने एमएसपी में 200 रुपये बढ़ाया और अब सात प्रतिशत के हिसाब से 143 रुपये बढ़ा रहे हैं। मतलब पांच साल में डीजल, पेट्रोल, कृषि यंत्रों, रासायनिक खादों के दाम बढ़ गए, लेकिन किसानों के हित में इतने भी दाम नहीं बढ़ाए।

चुनाव के लिए मिस्लिमों को मित्र बना रही बीजेपी: सीएम बघेल

मुख्यमंत्री बघेल ने आगे कहा, “हम तो सोच रहे थे कि कम से कम 300 रुपये एमएसपी बढ़ाएंगें, लेकिन नहीं बढ़ा। इससे स्पष्ट होता है कि इनकी सरकार किसान विरोधी है।”

मध्य प्रदेश में मुस्लिमों को भाजपा मित्र बनाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा,चुनाव पास आते ही भाजपा मित्र बना रहे हैं। चुनावों से पहले आप सांप्रदायिकता के नाम पर उन्हें कड़वी बातें बोलेंगे। जिहादी बनाएंगें, लोग समझ रहें हैं कि भाजपा क्या है, उनके अनुषांगिक संगठन क्या हैं। मुह में राम बगल में छूरी।”

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker