बिहार: दो पक्षों के बीच विवाद में हुई फायरिंग, 2 लोग जख्मी

गया के रामविगहा गांव में होली पर विवाद के कारण रंग में भंग पड़ गया। बेलागंज थाना क्षेत्र के रामविगहा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी से शुरू हुआ विवाद फायरिंग पर जा पहुंचा। फायरिंग में दो लोग घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान रोड़ेबाजी भी की गई। जिसमें कई अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। विवाद के पीछे कारण पैसों का लेन-देन बताया जा रहा है।

वारदात को लेकर ग्रामीणों ने बताया कि पहले से ही जितेंद्र यादव और अनील यादव के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों में सुलह को लेकर स्थानीय स्तर पर कई बार पंचायत भी हुई थी। दोनों पक्षों के बीच बुधवार की दोपहर बाद फिर से कहासुनी होने लगी।

मामूली कहासुनी इतनी बढ़ी कि वह रोड़ेबाजी और गोलीबारी में तब्दील हो गई। इस गोलीबारी में कई लोगों के जख्मी हो गए। वहीं, गोली लगने से चन्दन यादव उम्र 30 साल घायल हो गया, जिसे बेलागंज सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

थानाध्यक्ष उपेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि दो पक्षों में हुए झड़प की सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जिसके बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वहीं, एक घायल को इलाज के लिए सीएचसी बेलागंज लाया गया है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय कुमार ने बताया कि जख्मी चन्दन कुमार को बांह में गोली लगी है, जो खतरे से बाहर है।

गया में एक और मामला फायरिंग का सामने आया है, जिसमें होली गायन को लेकर विवाद में बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जिसमें एक 12 साल की किशोरी की जान चली गई।

मृतका के पिता ने गांव के ही छह लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पुलिस को वारदात की सूचना देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker