दिल्ली-NCR में आज भी 2 डिग्री सेल्सियस तापमान, कोहरे और शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी

कड़ाके की ठंड के बीच राजधानी में न्यूनतम तापमान में दो दिनों में ही लगभग नौ डिग्री की गिरावट आई है। शनिवार को यह 10.2 डिग्री सेल्सियस और रविवार को 4.7 डिग्री सेल्सियस था। एक जनवरी 2021 को न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस साल 8 जनवरी को यह 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

दिल्ली में शीत लहर की स्थिति बनी हुई है और शहर के बेस स्टेशन सफदरजंग वेधशाला में आज मंगलवार को न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां सोमवार के न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

आठ घंटे की देरी से चल रही ट्रेनें

वहीं, कोहरे के चलते उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में सड़क और रेल यातायात को बाधित हुआ है। उत्तर रेलवे के एक प्रवक्ता के मुताबिक, कोहरे के कारण कम से कम 15 ट्रेनें एक घंटे से आठ घंटे की देरी से चल रही हैं। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पास स्थित पालम वेधशाला में दृश्यता स्तर 500 मीटर दर्ज की गई है।

इससे पहले सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मयूर विहार में यह सबसे कम 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 39 से 90 प्रतिशत रहा। स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

शीत लहर की संभावना

नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में 19 से 20 जनवरी के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। पंजाब के कई जिलों में धुंध के साथ पाला पड़ा। चार जिलों बठिंडा, फरीदकोट, मोगा और फिरोजपुर में न्यूनतम तापमान शून्य के करीब पहुंच गया था। दो पश्चिमी विक्षोभ 18 और 20 जनवरी को उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकते हैं, जिससे शीत लहर की संभावना है।

18 तारीख तक राजस्थान, पंजाब और हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई हिस्सों में और उसके बाद 19 तारीख को पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर से गंभीर शीत लहर की स्थिति की बहुत संभावना है। 17 से 19 जनवरी के दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर की स्थिति रह सकती है। 17 जनवरी की सुबह तक कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आ सकती है। इसके बाद 19 से 21 जनवरी के दौरान तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी।

रेवाड़ी में शून्य पर पहुंचा न्यूनतम तापमान, खेतों में जमी बर्फ

रेवाड़ी में आज मंगलवार की सुबह क्षेत्र का तापमान शून्य डिग्री तक पहुंच गया। खेतों में फसल व घास-फूस पर ओंस की बूंद जम गई। कई जगह खेतों में भरे पानी की ऊपरी स्तर पर बर्फ की परत जम गई। लगातार तीसरे दिन भी पाला जमा रहा।

वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बरकरार

एनसीआर के वायु प्रदूषण में दूसरे दिन भी सुधार बरकरार रहा। लिहाजा, हवा की गुणवत्ता भी ‘खराब’ श्रेणी में बनी रही। सफर इंडिया के अनुसार हवा की गति ठीकठाक होने के कारण प्रदूषण का स्तर कम हुआ है और अभी कमोबेश इसी श्रेणी में बना रहेगा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के अनुसार सोमवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स (एक्यूआइ) 270 था, जो ‘खराब’ श्रेणी में है। एक दिन पहले रविवार को एक्यूआइ 213 था। यानी 24 घंटे के भीतर इसमें 67 अंकों की वृद्धि दर्ज की गई है।

पीएम 2.5 और पीएम 10 का स्तर क्रमश: 103 एवं 212 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया है। सफर इंडिया के अनुसार अगले तीन दिन तक हवा 8 से 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। इस दौरान वातावरण में एक से डेढ़ किलोमीटर की ऊंचाई पर धूलकण का आवरण बना रहेगा। लिहाजा हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में ही बने रहने की संभावना है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker