‘राष्ट्रपति पद की गरिमा को बढ़ाएंगी द्रौपदी मुर्मू’, CM शिवराज बोले- MP नहीं पूरे देश में है आज अद्भुत वातावरण

भोपाल। एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को भोपाल पहुंचीं। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और अन्य भाजपा नेताओं ने उनका जमकर स्वागत किया। इसी बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब आनंद और प्रसन्नता से भरे हुए हैं, पूरे प्रदेश में आनंद उत्सव का वातावरण है। वही दृश्य आज एयरपोर्ट और भोपाल की सड़कों पर भी परिलक्षित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ की जनता की ओर से आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी आपका हृदय से स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित होने के बाद भी प्रतिदिन की भांति दीदी द्रौपदी मुर्मू ने अपने गांव के उसी मंदिर में झाड़ू लगाई। निश्चय ही सहज एवं सरल हमारी दीदी राष्ट्रपति पद की गरिमा को और बढ़ायेंगी, यह हम सबको विश्वास है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सिर्फ मध्य प्रदेश नहीं पूरे देश में अद्भुत वातावरण है। दीदी का राष्ट्रपति के पद हेतु उम्मीदवार घोषित होते ही आनंद की ऐसी हिलोर उठी है जो बाकी चुनाव मैंने कभी नहीं देखी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश राजा भोज, रानी कमलापति की पवित्र धरती है। मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से पर गोंड राजाओं का कई वर्षों तक राज रहा है। मैं उनकी इस पवित्र धरती में आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का पुनः स्वागत और अभिनंदन करता हूं।

इसी बीच एनडीए उम्मीदवार ने कहा कि मध्य प्रदेश की पावन धरती पर आप सबने जिस आत्मीयता और स्नेह से स्वागत किया है, वह मैं कभी भूल नहीं पाऊंगी। जनप्रतिनिधियों और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे भाई-बहनों को धन्यवाद देती हूं। उन्होंने कहा कि अपने संगठन के लोग मेरा समर्थन कर रहे हैं, लेकिन जो संगठन के नहीं हैं, वे भी समर्थन में आगे आये हैं। यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, मैं उनको धन्यवाद देती हूं।

द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि आप तो जानते हैं कि मेरे आगे-पीछे कोई नहीं है। मेरे लिए केवल यह देश, यह माटी और परमपिता परमात्मा की सेवा ही ध्येय है। यह मेरा जीवन अपने देश और समाज की सेवा के लिए है। उन्होंने कहा कि मैं अपने संविधान की सीमा के दायरे में रहकर देश की सेवा के लिए तैयार हूं। आपका जो समर्थन मुझे मिल रहा है इसके लिए मैं आप सब का बहुत-बहुत धन्यवाद और आभार प्रकट करती हूं।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker