अंबेडकर पाठशाला खंदिया में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर संगोष्ठी, बच्चियों को किया सम्मानित

चरखारी/महोबा: अंबेडकर पाठशाला शिक्षा सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में चरखारी नगर के मोहल्ला खंदिया में संचालित नि:शुल्क अंबेडकर पाठशाला रूपनगर व खंदिया में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर संगोष्ठी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पाठशाला की छात्राओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. रुचि जयसवाल (सहायक प्रोफेसर, जीव विज्ञान, राजकीय महाविद्यालय चरखारी) और फाउंडेशन के डायरेक्टर इन्द्र कुमार मौजूद रहे। डॉ. रुचि जयसवाल ने बच्चियों को कल्पना चावला, रानी लक्ष्मीबाई और सावित्रीबाई फुले जैसी प्रेरणादायक महिलाओं की कहानियां सुनाते हुए शिक्षा और नारी सशक्तिकरण पर जोर दिया।

इस अवसर पर इन्द्र कुमार ने कहा कि नारी शक्ति साहस, संस्कार और सृजन की प्रतीक है तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं का योगदान अतुलनीय है। कार्यक्रम में फाउंडेशन द्वारा पाठशाला के लिए शिक्षण सामग्री और टीएलएम भी उपलब्ध कराई गई।

पाठशाला संचालक मनीष कुमार ने बताया कि खंदिया में संचालित नि:शुल्क अंबेडकर पाठशाला में प्रतिदिन सुबह 4 से 6 बजे तक कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को शिक्षा, सेवा और संस्कार के उद्देश्य से नि:शुल्क पढ़ाया जाता है। कार्यक्रम में मनीष कुमार, सूरज, नैतिक, मुस्कान, संध्या सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Back to top button