करोड़ों की सरकारी जमीन बनी कचरा घर, अवैध कब्जे की आशंका

महोबा: शहर के मुख्यालय में सदर तहसील के पीछे स्थित करोड़ों रुपये कीमत की सरकारी जमीन उपेक्षा और लापरवाही के चलते कचरा घर में तब्दील हो गई है। शहर के मध्य स्थित यह भूखंड लंबे समय से बदहाल स्थिति में पड़ा है।

जानकारी के अनुसार पहले इस स्थान पर सरकारी कर्मचारियों के आवास बने हुए थे, जिन्हें इमला क्वार्टर के नाम से जाना जाता था। समय के साथ आवास जर्जर होने पर उन्हें हटा दिया गया, लेकिन इसके बाद से जमीन खाली पड़ी है और धीरे-धीरे यहां कचरा डाला जाने लगा।

बताया जा रहा है कि शहर के हृदय स्थल पर स्थित इस जमीन पर अब भू-माफियाओं की नजर भी पड़ गई है, जिसके चलते अवैध कब्जे के प्रयास शुरू होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह भूमि सरकारी कार्यालय या अन्य सार्वजनिक भवन निर्माण के लिए बेहद उपयोगी हो सकती है।

फिलहाल जिम्मेदार विभाग की अनदेखी के कारण यह कीमती जमीन बदहाली का शिकार है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस ओर कब ध्यान देता है और इस जमीन का सही उपयोग कब हो पाता है।

Back to top button