डीएम के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने अवैध खनन परिवहन में लिप्त एक दर्जन से ज्यादा ट्रकों को किया सीज

महोबा । जनपद की ग्रेनाइट पत्थर मंडी में प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही करते हुए अवैध खनन परिवहन में लगे दर्जन भर से ज्यादा ट्रकों को सीज कर दिया। खनिज,राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने एसडीएम के नेतृत्व में छापामार कार्यवाही करते हुए कांटा,पर्ची और परिवहन के अवैध दस्तावेज सहित रजिस्टर भी सीज कर दिए हैं। प्रशासन की इस कार्यवाही से अवैध खनन में लिप्त खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। दरअसल कबरई ग्रेनाइट पत्थर मंडी में रोजाना हजारों ट्रक गिट्टी का परिवहन होता है जिसके लिए रायल्टी सहित परिवहन के दस्तावेज वाहनों चालको को मुहैया कराए जाते हैं। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज के निर्देश पर खनिज ,राजस्व,परिवहन विभाग, सहित पुलिस की सँयुक्त टीम द्वारा एसडीएम सदर शिव ध्यान पाण्डेय के नेतृत्व में ॐ नमः शिवाय ग्रेनाइट में छापामारी की कार्यवाही की गई । बताया जाता है कि इस दौरान कांटा पर्ची,परिवहन के अवैध दस्तावेज पकड़े गए और रॉयल्टी पोर्टल बन्द होने के बाबजूद भी धड़ल्ले से बिना रॉयल्टी के गिट्टी बेची जा रही थी ।

इसी दौरान अवैध खनन परिवहन में लिप्त एक दर्जन से ज्यादा ट्रकों पर सीज की कार्यवाही की गई। एसडीएम शिवध्यान पाण्डेय ने बताया कि प्रवर्तन दल द्वारा चेकिंग की जाती है और इसी चेकिंग के दौरान कुछ गाड़ियों के कागजात पूरे नही पाए गए जिन् पर कार्यवाही की गई है।

Back to top button