यूपी की जेलों में मौजूदा समय में 89,256 कैदी बंद, मंत्री दारा सिंह चौहान ने विधानसभा में कहा

लखनऊ, उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग के मंत्री दारा सिंह चौहान ने शुक्रवार को विधानसभा में बताया कि प्रदेश के कारागारों की कुल बंदी क्षमता 76,475 है, लेकिन मौजूदा समय में इनमें 89,256 कैदी बंद हैं। शुक्रवार को विधानसभा के बजट सत्र के सातवें दिन दारा सिंह चौहान ने प्रश्घ्न काल में समाजवादी पार्टी के सदस्य राजेन्द्र प्रसाद चौधरी का पूरक प्रश्न का जवाब देते हुए कहा कि इस समय राज्य की जेलों में कुल 89,256 बंदी मौजूद हैं।

चौहान ने बताया कि 31 जनवरी 2025 की स्थिति के अनुसार प्रदेश के 76 कारागारों की कुल बंदी क्षमता 76,475 है। चौहान ने बताया कि प्रदेश में आठ निर्माणाधीन कारागारों के निर्माण कार्य पूर्ण होने पर 9,165 बंदी क्षमता की वृद्धि होगी तथा प्रदेश में 15 जिलों में प्रस्तावित 16 नवीन कारागारों के निर्माण से 21,408 बंदी क्षमता की वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में आठ कारागारों में 22 बैरकों के निर्माण से 606 बंदी क्षमता, वित्तीय वर्ष 2023-24 में 17 कारागारों में 44 बैरकों के निर्माण से 1224 बंदी क्षमता तथा वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रदेश के 22 कारागारों में 57 बैरकों का निर्माण करा कर 1626 बंदी क्षमता की वृद्धि की गयी है। मंत्री ने बताया कि प्रस्तावित अनुपूरक कार्य योजना में 11 कारागारों में 33 बैरकों के निर्माण से 990 बंदी क्षमता की वृद्धि होगी।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker