पुलिस की 2 बदमाशों से मुठभेड़,मौके से 8 मोबाइल फोन बरामद, राह चलते लोगों से करते थे लूटपाट

नोएडा, नोएडा में सेक्टर-39 की थाना पुलिस सेक्टर-44 के सामने चेकिंग कर रही थी। पुलिस टीम द्वारा एमिटी गोल चक्कर की तरफ से आ रही एक बाइक को रूकने का इशारा किया गया। इस पर बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। इस पर बदमाशों ने सेक्टर-98 की तरफ भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम द्वारा करीब डेढ़ किमी तक पीछा करते हुए जवाबी कार्यवाही की गई। इसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। इसकी पहचान विजय पुत्र धर्मवीर निवासी फरीदाबाद, हरियाणा के रुप में हुई। उसकी उम्र करीब 25 साल है। दूसरे बदमाश नौशाद उर्फ टोला पुत्र युसुफ मलिक निवासी मोरना नोएडा को कांबिंग के बाद गिरफ्तार किया गया। इसकी उम्र करीब 22 साल है। बदमाशों के कब्जे से चोरी की एक बाइक स्प्लेंडर के अलावा नोएडा में विभिन्न जगहों से राह चलते लोगों से छीने गए 8 मोबाइल फोन को बरामद किया गया।

एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि दोनों बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं। ये राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीन कर फरार हो जाते हैं। जो मोबाइल या अन्य सामान नहीं देता, उनको तमंचा से डराकर लूटपाट करते हैं। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। इन बदमाशों की जानकारी आसपास के जिलों और दिल्ली को भी भेजी गई है। ये दोनों दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में लोगों से लूटपाट करते थे। फिलहाल पुलिस इनसे पूछताछ कर आपराधिक रिकार्ड खंगाल रही है।

Back to top button