महाकुंभ भगदड़ को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

बांदा, प्रयागराज महाकुंभ में हुई भगदड़ को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बांदा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। कांग्रेस ने इस हादसे को प्रशासनिक तंत्र की विफलता और उत्तर प्रदेश सरकार की संवेदनहीनता का परिणाम बताया है।

पार्टी ने हादसे में घायल लोगों के लिए उचित चिकित्सा सुविधाएं, मृतकों की पूरी सूची और लापता व्यक्तियों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदुम्न दुबे ने आरोप लगाया कि सरकार इस घटना पर पर्दा डालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कुंभ में मृत या लापता लोगों के परिजनों को भी उनके बारे में कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।

संसद में भी विपक्ष इसी मुद्दे को लेकर सरकार को घेर रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग करते हुए स्थिति स्पष्ट करने, लापता लोगों की खोज में सहायता और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

Back to top button