MP: इंदौर में ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए बड़ा कदम, प्रमुख चौराहों पर तैनात हुईं 200 महिला पुलिसकर्मी

मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में यातायात भीड़ की समस्या से निपटने के लिए प्रमुख चौराहों पर 200 महिला कांस्टेबल तैनात की गई हैं। इसकी जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को दी।
एक महिला कांस्टेबल ने कहा कि जनता की यह मानसिकता बदलने की जरूरत है कि केवल पुरुष पुलिसकर्मी ही यातायात को नियंत्रित कर सकते हैं। इंदौर मप्र की सबसे अधिक आबादी वाला शहर है और यहां वाहनों का संख्या भी राज्य में सबसे ज्यादा है।
यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शहर के यातायात को संभालने के लिए 200 महिला कांस्टेबलों को विशेष प्रशिक्षण के बाद प्रमुख चौराहों पर तैनात किया गया है।
व्यस्त रीगल चौराहे पर वाहन चालकों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराते नजर आईं कांस्टेबल सुनीता मंडलोई ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, हम चाहते हैं कि इंदौर स्वच्छता की तरह ही यातायात नियमों के पालन में भी देश में नंबर एक बने।
उन्होंने कहा, कभी-कभी सवारियां यातायात नियम तोड़ती हैं और महिला कांस्टेबलों के साथ बहस करती हैं, लेकिन हम उनसे निपटने में सक्षम हैं क्योंकि हमें इसके लिए प्रशिक्षित किया गया है।
यातायात संभालने के लिए प्रशिक्षित एक अन्य कांस्टेबल सोनाली सोनी ने कहा, अब समय बदल गया है। हमें जनता की यह मानसिकता बदलनी होगी कि केवल पुरुष पुलिसकर्मी ही यातायात नियंत्रित कर सकते हैं। पुलिस विभाग में पुरुषों और महिलाओं को एक जैसी ट्रेनिंग दी जाती है।
सोनी ने कहा कि वह 100 प्रतिशत समर्पण के साथ काम करेंगी और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन कराएंगी।
पुरुष ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने महिला कांस्टेबलों के ड्यूटी के प्रति जज्बे की सराहना की है।
यातायात विभाग में सहायक उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह मीना ने कहा, महिला कांस्टेबल यातायात संभालने का अच्छा काम कर रही हैं। वे पुरुष सहकर्मियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करती हैं।