ललितपुर रेप केस में आरोपी प‍िता और सपा जिलाध्‍यक्ष के भाई सहित 4 गिरफ्तार

किशोरी के साथ दुष्कर्म मामले में पिता व सपा-बसपा जिलाध्यक्ष समेत 28 लोगों के खिलाफ दर्ज रेप केस में पुलिस कार्रवाई तेज हो गई है।

बुधवार को कोर्ट में किशोरी के 164 के बयान और मेडिकल के बाद पुलिस ने रात में तबड़तोड़ दबिश शुरू कर दीं। किशोरी के पिता, सपा जिलाध्यक्ष के भाई समेत चार आरोपित गिरफ्तार कर लिए गए हैं।

उनसे पूछताछ की जा रही है। 28 लोगों द्वारा रेप के इस मामले से पूरे बुंदेलखंड में सनसनी है। बुधवार को पुलिस ने सिविल जज जूनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक गरिमा सक्सेना की कोर्ट में किशोरी के बयान कराए।

डेढ़ घंटे तक बयान हुए। इसके बाद एसपी निखिल पाठक ने आरोपितों को पकड़ने के निर्देश दिए। कोतवाली पुलिस और एसओजी ने आरोपितों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की।

सबसे पहले पीड़िता का पिता पकड़ा गया। उसके बाद किशोरी के दो अन्य नामजद परिजन और सपा जिलाध्यक्ष का भाई अर्रंवद यादव गिरफ्तार कर लिया गया। कई आरोपितो ने अपने फोन बंद कर लिए हैं।

कुछ ने राजनीतिक शरण ले ली है। बुधवार शाम डीआईजी जोगिंदर कुमार ने पीड़िता के घर पर उसे सुरक्षा, न्याय का भरोसा दिलाया।

उधर शासन ने इस मामले में रिपोर्ट तलब की है। एसपी निखिल पाठक ने कहा कि किशोरी के बयान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

रेप केस में सपा जिलाध्यक्ष तिलक यादव और उनके भाइयों की नामजदगी का विरोध करने पहुंचे करीब 150 सपा नेता और कार्यकर्ता पॉक्सो एक्ट में फंस गए हैं।

दरअसल उन्होंने जो ज्ञापन दिया उसमें रेप का आरोप लगाने वाली किशोरी का नाम लिख कर उसे सार्वजनिक कर दिया।

ज्ञापन देते समय झांसी के सपा जिलाध्यक्ष महेश कश्यप, पूर्व विधायक रमेश कुशवाहा, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष शिशुपाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष झांसी छत्रपाल सिंह, सहकारी बैंक के पूर्व जिलाध्यक्ष फूलसिंह नन्ना, पूर्व ब्लॉक प्रमुख यादवेंद्र, पूर्व जिलाध्यक्ष कैलाश सिंह समेत करीब 150 लोग शमिल थे। पुलिस ने ज्ञापन लेकर आए लोगों की फोटो से सूची बना ली है।

बेटी से रेप करने वाले पिता पर उसके पुत्र की तहरीर पर अलग मुकदमा दर्ज हो रहा है। पुत्र ने पिता पर आरोप लगाया है कि वह उसके साथ भी दुष्कर्म की कोशिश करता था। विरोध पर मां की हत्या की धमकी देता था।

रेप कांड को लेकर तमाम चर्चाएं हैं। कहा जा रहा है कि किशोरी संग दुष्कर्म मामले में पुलिस के हाथ  अहम सुराग लगे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पिता ने पुत्री से दुष्कर्म करते लोगों की कई वीडियो क्लिप बनाई थीं। यह वीडियो पुत्री ने अपने पिता के मोबाइल फोन में देखे और अपने फोन में सेव कर लिया।

तहरीर देते समय किशोरी ने ऐसे वीडियो भी पुलिस को सौंपे। हालांकि पुलिस ऐसे वीडियो मिलने से इनकार कर रही है। इन वीडियो क्लिपों की चर्चा से जिलेभर में हड़कंप मचा हुआ है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker