अर्जुन कपूर ने मलाइका अरोड़ा की बिल्डिंग में लिया फ्लैट करोड़ों के नुकसान में बेंचा

अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा बी-टाउन के सबसे चर्चित कपल में से हैं। दोनों लंबे समय से एक दूसरे को डेट कर रहे हैं और उनकी शादी की चर्चाएं भी समय-समय पर उठती रही हैं। अर्जुन और मलाइका की शादी को लेकर पिछले साल तब कयास लगाए जाने लगे जब पता चला कि अर्जुन कपूर ने मलाइका अरोड़ा की बिल्डिंग में 4 बीएचके फ्लैट खरीदा है। अब जानकारी है कि अर्जुन कपूर ने अपना ये फ्लैट बेच दिया है। अर्जुन कपूर ने बांद्रा के 81 औरेट बिल्डिंग के 19वें फ्लोर पर फ्लैट खरीदा था। यह 4364 स्कवायर फीट में बना हुआ है। उन्होंने इसे 20 करोड़ में खरीदा था।  

हमारे सहयोगी हिन्दुस्तान टाइम्स के मुताबिक अर्जुन कपूर ने 4 करोड़ का नुकसान उठाकर इसे 16 करोड़ में बेच दिया है। फ्लैट 19 मई को रजिस्टर कराया गया था। अर्जुन की बहन अंशुला कपूर ने दस्तावेजों पर दस्तखत किए। अर्जुन कपूर जुहू के रहेजा ऑर्किड के सातवें फ्लोर पर रहते हैं। इस बारे में अभिनेता के प्रवक्ता से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनकी ओर से इस बारे में कोई जवाब नहीं मिला।

अर्जुन कपूर के फ्लैट बेचने से एक हफ्ते पहले करण कुंद्रा ने 14 करोड़ में उसी बिल्डिंग में अपना फ्लैट खरीदा था। मार्च 2020 में सोनाक्षी सिन्हा ने भी उसी बिल्डिंग के 16वें फ्लोर पर स्थित फ्लैट को 14 करोड़ में खरीदा। उनके अलावा क्रिकेटर पृथ्वी शॉ ने फ्लैट के लिए 10.5 करोड़ दिए। नवाब मलिक के बेटे फराज मलिक ने भी इसी बिल्डिंग के 19वें फ्लोर पर फ्लैट को 9.95 करोड़ देकर अपने नाम किया।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker