रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तेजस्वी से की बात, लालू यादव के स्वास्थ्य के बारे में ली जानकारी

राजद सुप्रीम और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव लगातार खराब स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। वह पिछले कुछ सालों से विभिन्न बीमारियों से ग्रसित हैं। उनका इलाज दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्वेदिक विज्ञान संस्थान में चल रहा है। इन सब के बीच कुछ दिन पहले वाह सीढ़ियों से गिर गए जिसकी वजह से उनके दाहिने कंधे में चोट आई है। इसके बाद से लालू यादव की तबीयत लगातार खराब रह रही है। उन्हें पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। खुद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अस्पताल जाकर लालू यादव का हालचाल जाना था। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने भी तेजस्वी यादव को फोन कर लालू यादव का हालचाल जाना है।

इन सबके बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी तेजस्वी यादव को फोन किया है। तेजस्वी यादव को फोन कर रक्षा मंत्री ने लालू यादव के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली है। इसके साथ ही रक्षा मंत्री ने लालू यादव के शीघ्र स्वस्थ हो जाने की कामना की है। आपको बता दें कि बुधवार देर शाम लालू यादव को पटना से बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के एम्स लाया गया। बिहार के 74 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री के साथ डॉक्टरों की एक टीम, उनकी एमबीबीएस डॉक्टर पुत्री एवं राज्यसभा सदस्य मीसा भारती साथ थीं। उनकी पत्नी राबड़ी देवी और छोटे बेटे तेजस्वी यादव दिन में दिल्ली आ गए थे। वहीं, लालू यादव की पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा था कि चिंता की बात नहीं है। लालू यादव ठीक होकर जल्द वापस लौटेंगे।

पनी मां के साथ पत्रकारों से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा था कि हम उन्हें दिल्ली के एम्स ला रहे हैं क्योंकि यहां बेहतर इलाज हो सकता है और डॉक्टर उनके मेडिकल इतिहास से परिचित हैं। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता ने कहा था कि वह गिर गए थे जिसके बाद उन्हें तीन जगह फ्रैक्चर हुआ है। उनके गिरने के बाद जटिलाएं बढ़ गईं क्योंकि शरीर जाम हो गया है और वह ज्यादा हिल-डुल नहीं पा रहे हैं। चारा घोटाला मामलों में जमानत पर रिहा लालू ने पिछले महीने झारखंड उच्च न्यायालय से गुर्दा प्रतिरोपण के लिए विदेश, खासकर सिंगापुर जाने की इजाज़त ली थी। यह पूछे जाने पर कि क्या सिंगापुर जाना संभव होगा, तो तेजस्वी ने कहा कि अगर दो-चार हफ्ते में वह अंतरराष्ट्रीय यात्रा कर सकते हैं तो हम उन्हें सिंगापुर ले जा सकते हैं।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker