संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में चुनाव होने दें, हमें 100 सीटें जीतने का है भरोसा

दिल्लीः शिवसेना नेता व राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा है कि उनकी पार्टी महाराष्ट्र में अपने दम पर 100 सीटें जीतेगी. न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘मुझे उम्मीद है शिवसेना 100 सीटें जीतेगी. उद्धव ठाकरे ने कहा है कि राज्य में मध्यावधि चुनाव होने दें, स्पष्ट हो जाएगा कि कौन जीतता है और कौन हारता है.’

उद्धव ठाकरे गुट के इस नेता ने कहा, ‘शिवसेना बाबा ठाकरे की है. किसी और की नहीं हो सकती. आप इसे पैसे के जरिए हाईजैक नहीं कर सकते. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है, सिर्फ पैसा ही नहीं बल्कि कुछ और भी दिया गया (शिवसेना के बागी विधायकों को). जब यह ‘कुछ’ सामने आएगा तो बड़ा खुलासा होगा.’

उन्होंने कहा, ‘हमें अब भी उम्मीद है कि ये विधायक लौट आएंगे…बागियों से हमारी हमेशा बातचीत होती थी…ये हमारे लोग हैं, वापस आएंगे. सुबह का भूला अगर शाम को घर आ जाए तो उसे भूला नहीं कहते.’ आपको बता दें कि शिवसेना के 41 विधायकों ने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में आलाकमान के खिलाफ बगावत कर दी. इसके परिणाम स्वरूप उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र की महा विकास अघाड़ी सरकार को सत्ता से बेदखल होना पड़ा.

Back to top button