दिल्ली मानसून: पहली बारिश ने जमाया सैकड़ा,ऑरेंज अलर्ट जारी

दिल्लीः राजधानी दिल्ली में मानसून की पहली बारिश ने ही सैकड़ा जमा दिया है। गुरुवार के दिन दिल्ली के दो मौसम केंद्रों में 100 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार के दिन अभी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में मध्यम बारिश हो सकती है। इसलिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। मानसून के लिए दिल्ली के लोगों का इंतजार गुरुवार को पूरा हो गया।

दिल्ली के लोग बीते तीन दिनों से भीषण गर्मी और उमस का सामना कर रहे थे। इस दौरान तापमान 40 डिग्री से ज्यादा बना हुआ था और आर्द्रता का स्तर भी 70 फीसदी से ज्यादा रहा था। इसके चलते लोग हर समय पसीना पोंछने पर मजबूर बने हुए थे। लेकिन, गुरुवार सुबह से नजारा बदला हुआ था। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में सुबह सात बजे से ही हल्की बूंदांबादी शुरू हो गई। सुबह साढ़े आठ बजे से साढ़े ग्यारह बजे के बीच दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश हुई।

दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में शाम साढ़े पांच बजे तक 116.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। लोधी रोड मौसम केंद्र में भी 107.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दिल्ली के अन्य इलाकों में भी अच्छी वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सप्ताह भर तक बादल, बूंदाबांदी और बारिश का यह क्रम बना रहेगा। खासतौर पर शुक्रवार के दिन दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। इसके लिए विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।

कहां कितनी वर्षा

सफदरजंग    116.6 मिलीमीटर
लोधी रोड     107.6 मिलीमीटर
रिज             65.2 मिलीमीटर
आयानगर     51.9 मिलीमीटर
दिल्ली विश्वविद्यालय    58.5 मिलीमीटर
पीतमपुरा    55.5 मिलीमीटर
पूसा        44.5 मिलीमीटर
(स्रोत : मौसम विभाग)

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker