उद्धव ठाकरे ने कहा है कि फ़िलहाल विधानसभा भंग करने का प्रस्ताव नहीं: कमलनाथ

दिल्लीः कांग्रेस नेता कमलनाथ ने कहा है कि उनकी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बात हुई है. कमलनाथ के मुताबिक़ उद्धव ठाकरे ने उनसे ये कहा है कि फ़िलहाल राज्य विधानसभा को भंग करने का कोई प्रस्ताव नहीं है. विधानसभा भंग करने को लेकर अटकलें उस समय तेज़ हो गई थी, जब शिवसेना सांसद संजय राउत ने इस बारे में एक ट्वीट किया था. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा था कि महाराष्ट्र का राजनीतिक घटनाक्रम विधानसभा भंग होने की दिशा में जा रहा है.

इस बीच एनसीपी के नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री छगन भुजबल ने मध्यावधि चुनाव से इनकार किया है और कहा है कि अभी इस बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है. जब से एकनाथ शिंदे शिवसेना के कुछ विधायकों के साथ पहले गुजरात और फिर असम पहुँचे हैं, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार संकट में नज़र आ रही है.

इस समय उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में कैबिनेट की बैठक चल रही है. उद्धव कोरोना पॉज़िटिव हैं, इसलिए वे वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए मीटिंग में शामिल हुए हैं. दूसरी ओर प्रदेश के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी भी कोरोना संक्रमित होने के कारण अस्पताल में भर्ती हैं. कमलनाथ कांग्रेस के पर्यवेक्षक के रूप में महाराष्ट्र में हैं.

उन्होंने कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक भी की, जिसमें 41 विधायक शामिल हुए. महाराष्ट्र में कांग्रेस के 44 विधायक हैं. लेकिन कमलनाथ ने स्पष्ट किया है कि उनके बाक़ी के तीन विधायक रास्ते में हैं और पहुँच जाएँगे. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी धन-बल का इस्तेमाल कर रही है, जो संविधान के ख़िलाफ़ है. इस बीच महाराष्ट्र में मौजूदा राजनीतिक संकट के मद्देनज़र कई इलाक़ों में शिवसैनिकों ने प्रदर्शन भी किए हैं.

Back to top button